कोरबा में आयुक्त का सख्त रुख : एक सप्ताह में सुधारें सी.टी.पी.टी. की व्यवस्थाएं, नहीं तो होगी कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति पर अल्टीमेटम, सी.एण्ड डी. वेस्ट सड़क पर फेंकने पर 10 हजार का अर्थदण्ड
कोरबा, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों (सी.टी.पी.टी.) की अव्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए संचालन एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को कड़ा अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने निर्देशित किया है कि सभी सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों में एक सप्ताह के भीतर निर्धारित मानकों के अनुरूप साफ-सफाई, जल व्यवस्था, प्रकाश एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त श्री पाण्डेय ने अधिकारियों की टीम के साथ टी.पी.नगर जोन के विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई कार्य, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण तथा सी.टी.पी.टी. की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। टीपीनगर स्थित नया बस स्टैंड के सार्वजनिक शौचालय एवं पिंक टॉयलेट का सघन निरीक्षण करते हुए उन्होंने संचालन एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप दुरुस्त की जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लालूराम कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर आयुक्त ने सफाई कार्यों की गुणवत्ता जांची। उन्होंने निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत घरों से त्रुटिरहित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए तथा सड़क और नालियों से निकाले गए अपशिष्ट का तत्काल उठाव एवं वैज्ञानिक निस्तारण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निकाला गया कचरा लंबे समय तक स्थल पर डंप न रहे।
निरीक्षण के दौरान टीपीनगर जोन के डीडीएम रोड पर सड़क एवं नाली में निर्माण सामग्री—गिट्टी, मलवा, ईंट एवं रेत—डाले जाने से जल निकासी अवरुद्ध पाई गई। इस पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पर 10 हजार रुपये का अर्थदण्ड लगाने के निर्देश दिए। निगम अधिकारियों ने तत्काल जुर्माना लगाते हुए सी.एण्ड डी. वेस्ट हटाने की कार्रवाई कराई।
अतिक्रमण एवं अवैध कब्जों पर भी आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों और मैदानी अमले को निर्देश दिया कि निगम क्षेत्र में नया अतिक्रमण न होने पाए। जहां भी अवैध कब्जा या अतिक्रमण का प्रयास दिखे, वहां तत्काल कार्रवाई कर अतिक्रमण दस्ता की सहायता से हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
आयुक्त के इस सख्त रुख से स्पष्ट है कि नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता, सार्वजनिक सुविधाओं और अतिक्रमण के मामलों में अब किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं आपके लिए निष्पक्ष निर्भीक एवं सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






