बालोद : जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 163 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बालोद छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री ने नवदंपत्तियों को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ सहित अतिथियों ने दिया आशीर्वाद
बालोद, / मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज जिला मुख्यालय बालोद के गंजपारा स्थित पोहा मिल परिसर में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम के अवसर पर बालोद जिले के कुल 163 जोड़े वर–वधु विधिवत रीति–रिवाजों के अनुसार परिणय सूत्र में बंधे।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आज प्रदेशभर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रमों से वर्चुअल रूप से जुड़कर कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने बड़ी संख्या में वर–वधुओं के विवाह संपन्न होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी नवदंपत्तियों के खुशहाल, सफल एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


जिला मुख्यालय बालोद में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति चुन्नी मानकर, जनपद पंचायत बालोद की महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति भूनेश्वरी चंद्राकर सहित अन्य अतिथियों ने उपस्थित होकर नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान अतिथियों द्वारा वधुओं को मंगलसूत्र एवं बिछिया भेंट की गई।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए आज के दिन को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के माध्यम से कुल 6,414 वर–वधु परिणय सूत्र में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने इसे नवदंपत्तियों के साथ-साथ उनके परिवारजनों के लिए भी अत्यंत शुभ एवं मंगलमय अवसर बताया।

8464454571172425717.jpg)
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व तक निर्धन परिवारों के लिए बेटी का विवाह करना एक बड़ी चिंता का विषय होता था। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा अपने कार्यकाल में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की शुरुआत कर गरीब एवं वंचित वर्ग के बेटा–बेटियों के विवाह का मार्ग प्रशस्त किया गया। इसके लिए उन्होंने डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रारंभ में इस योजना के तहत केवल 5,000 रुपये की सहायता राशि दी जाती थी, जिसे वर्तमान में बढ़ाकर 35,000 रुपये किया गया है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़कर नवविवाहित दंपत्तियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि विवाह का यह पवित्र बंधन नवदंपत्तियों के जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सुखद क्षण है। उन्होंने सभी नवदंपत्तियों के उज्ज्वल भविष्य एवं खुशहाल जीवन के लिए ईश्वर से मंगल कामना की।

उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज परिणय सूत्र में बंधने वाले सभी नवदंपत्तियों के बैंक खातों में 35,000 रुपये की सहायता राशि अंतरित की जाएगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






