गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर प्रशासन मुस्तैद, सीएसईबी ग्राउंड में कलेक्टर-एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कोरबा ACGN:- जिले में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बुधवार को सीएसईबी ग्राउंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, परेड और झांकियों के प्रवेश-निकास मार्ग तथा सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों और कार्यक्रम के दिन किसी भी तरह की अव्यवस्था न रहे। उन्होंने मंच की मजबूती, दर्शक दीर्घा की समुचित व्यवस्था और सुरक्षा घेरा मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया। प्रशासन ने जानकारी दी कि गणतंत्र दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को आयोजित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय को मंच निर्माण और आयोजन स्थल की अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिला स्तरीय समारोह में सीआईएसएफ, जिला पुलिस, नगर सेना, एनसीसी और स्काउट-गाइड की टुकड़ियां परेड में शामिल होंगी। कार्यक्रम सुबह 9 बजे शुरू होगा, जिसमें मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री का छत्तीसगढ़वासियों के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, डॉक्टरों, पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं पर आधारित चलित झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय और सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को रोशनी से सजाया जाएगा। जनपद कार्यालयों में जनपद अध्यक्ष और नगरीय निकायों में महापौर अथवा अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






