उपभोक्ता जागरूकता से ही मजबूत होगा राष्ट्र
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
ग्राम पंचायत भटगांव में जिला उपभोक्ता आयोग का शिविर, ग्रामीणों को मिले अधिकारों की जानकारी
कोरबा ACGN:- उपभोक्ता सशक्त होगा तभी राष्ट्र सक्षम होगा, इसी संदेश के साथ ग्राम पंचायत भटगांव में जिला उपभोक्ता आयोग कोरबा द्वारा उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग के निर्देशानुसार जिले के ग्रामीण अंचलों में प्रतिमाह चल रहे जागरूकता अभियानों की कड़ी में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को उपभोक्ता अधिकारों और हितों की व्यवहारिक जानकारी दी गई।

जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष रंजना दत्ता, सदस्य ममता दास और पंकज कुमार देवड़ा ने संयुक्त रूप से बताया कि उपभोक्ता की पहचान क्या है और उसके अधिकार कौन-कौन से हैं। उन्होंने वस्तुओं की कीमत, गुणवत्ता और मात्रा की जांच, सेवा व संविदा शर्तें, बीमा और मेडिकल क्लेम, बैंकिंग सेवाएं, परिवहन, फाइनेंस कंपनियां तथा ऑनलाइन खरीदारी में सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई उपभोक्ता अपने हित के विरुद्ध संविदा से परेशान होता है तो वह ई-जागृति पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ई-फाइलिंग कर जिला आयोग में शिकायत दर्ज करा सकता है, वहीं ई-हियरिंग के माध्यम से सुनवाई का अधिकार भी उपलब्ध है।

शिविर में शिकायत पंजीयन शुल्क की जानकारी देते हुए बताया गया कि पांच लाख रुपये तक के वादों पर कोई शुल्क नहीं है, पांच से दस लाख तक 200 रुपये, दस से बीस लाख तक 400 रुपये और बीस से पचास लाख तक 1000 रुपये शुल्क निर्धारित है। आयोग के सदस्यों ने कहा कि अपने अधिकारों के प्रति सतर्क और जागरूक रहकर ही ‘जागो ग्राहक जागो’ अभियान को सार्थक बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और ग्रामीणों के सवालों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। शिविर में आयोग के कर्मचारी मनीराम श्रीवास, राजेश्वर इंगले और आनंद सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत भटगांव की सरपंच पूजा राठिया, सचिव सुरेश खुंटे, उपसरपंच प्रतिनिधि इरफान मेमन सहित गांव के गणमान्य नागरिक मंगल सिंह राठिया, श्यामलाल राठिया, बजरंग सिंह, चंपा कंवर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक घनश्याम कंवर तथा बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और ग्रामीण उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






