श्रीजगन्नाथ मंदिर को बम हमले की धमकी से हड़कंप
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
पूरी, ओड़िशा
By ACGN 7647981711, 9303948009
ओडिशा ब्यूरो स्वामी विजयानंद जी महाराज
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद श्रीमंदिर और शहर में हाई अलर्ट, एक संदिग्ध हिरासत में
पूरी ACGN:- ओड़िशा की पवित्र तीर्थ नगरी पूरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर को बम हमले की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक धमकी भरे पोस्ट के बाद श्रीमंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह धमकी मंगलवार को एक फेसबुक पोस्ट के जरिए सामने आई, जिसमें बीजू जनता दल के राज्यसभा सांसद सुभाशीष खूंटियां और पूरी शहर के एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। जिस महिला के सोशल मीडिया अकाउंट से यह पोस्ट की गई थी, उसने किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार करते हुए दावा किया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी आईडी बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश की है। महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरी साइबर थाना में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने बताया कि सिटी डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई है, जो संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट के यूआरएल लिंक और तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। बम निरोधक दस्ते ने श्रीमंदिर के भीतरी और बाहरी परिसरों की गहन तलाशी ली है, वहीं विशेष सुरक्षा बल और स्पेशल कमांडो यूनिट को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
धमकी की जानकारी सामने आने के बाद पूरी शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सांसद सुभाशीष खूंटियां ने बताया कि उन्हें अज्ञात व्यक्ति की ओर से जान से मारने की धमकी भरी कॉल भी आई है, जिसके बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त कर दी गई है। सांसद ने पूरे मामले में त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक से सीधा संपर्क किया है।
धमकी भरे पोस्ट के वायरल होते ही स्थानीय निवासियों और देश-विदेश से आने वाले भगवान श्रीजगन्नाथ के श्रद्धालुओं में चिंता और भय का माहौल बन गया। मंदिर के सेवायतों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पोस्ट के पीछे जिम्मेदार व्यक्ति की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, इसलिए आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






