मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राडा ऑटो एक्सपो–2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में हुए शामिल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
20 जनवरी से 5 फरवरी तक वाहनों की खरीद पर लाइफ टाइम रोड टैक्स में 50% की बड़ी छूट
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाएं रोकने ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील की
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर स्थित श्रीराम बिजनेस पार्क में रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (RADA) द्वारा आयोजित राडा ऑटो एक्सपो–2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर क्षेत्र में निरंतर विकास के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में आम नागरिकों की परचेसिंग पावर बढ़ी है, जिसका सीधा प्रभाव बाजारों की रौनक और व्यापारिक गतिविधियों पर देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने आमजन से सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील करते हुए कहा कि जीवन अनमोल है, इसे लापरवाही से नहीं गंवाया जाना चाहिए।
नए वाहनों की लॉन्चिंग और पुस्तक विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने यामाहा XSR-155, टाटा सिएरा एवं महिंद्रा 7XO वाहनों की औपचारिक लॉन्चिंग की। इसके साथ ही उन्होंने “मनी मैटर्स” पुस्तक का भी विमोचन किया।
किसानों, उपभोक्ताओं और उद्योगों को मिल रहा लाभ
ऑटो एक्सपो को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में राज्य के किसानों को धान का उचित समर्थन मूल्य मिल रहा है तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ भी उन्हें निरंतर प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों में सुधार के कारण कई वस्तुओं की कीमतों में कमी आई है। लोगों से चर्चा के दौरान यह सामने आया है कि बाइक की कीमत में 15 से 25 हजार रुपए तक की कमी हुई है, जबकि एक हार्वेस्टर की कीमत में करीब 2 लाख रुपए तक की राहत मिली है।
नई उद्योग नीति से निवेश को बढ़ावा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य में लागू नई उद्योग नीति की देश-विदेश में सराहना हो रही है। बीते एक वर्ष में लगभग 8 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और कई परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी ऑटो एक्सपो के दौरान लाइफ टाइम रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट दी गई थी। उस समय 25 हजार वाहनों की बिक्री का लक्ष्य था, जबकि 29 हजार से अधिक वाहन बिके, जिससे सरकार को लगभग 800 करोड़ रुपए का जीएसटी और परिवहन विभाग को 129 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।
इस वर्ष और वृहद स्तर पर आयोजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष राडा ऑटो एक्सपो को और अधिक वृहद स्वरूप दिया गया है। एक्सपो का क्षेत्रफल बढ़ाया गया है तथा 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। पूरे प्रदेश से उद्यमी और प्रमुख ऑटो कंपनियां इसमें सहभागिता कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि पहले ही दिन लगभग 2000 वाहनों का पंजीयन हो चुका है और इस वर्ष 50 हजार वाहनों की बिक्री का लक्ष्य भी निश्चित रूप से पूरा होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑटो एक्सपो का आयोजन प्रतिवर्ष इसी प्रकार किया जाना चाहिए।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कही यह बात
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राडा ऑटो एक्सपो का नौवां संस्करण केवल वाहन प्रदर्शन का मंच नहीं है, बल्कि यह रोजगार सृजन और ऑटो सेक्टर की प्रगति का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट से उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे एवं मध्यम व्यवसायियों को भी सीधा लाभ मिल रहा है। राज्य में सड़कों के विस्तार से कनेक्टिविटी बढ़ी है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी वाहनों की मांग में निरंतर वृद्धि हो रही है।
लाइफ टाइम रोड टैक्स में 50% छूट
उल्लेखनीय है कि मंत्रिपरिषद द्वारा राजधानी रायपुर में 20 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक आयोजित 9वें ऑटो एक्सपो के दौरान बिकने वाले वाहनों पर लाइफ टाइम रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया गया है।
यह छूट वाहन बिक्री के पश्चात पंजीकरण के समय लागू होगी, जिससे मोटरयान कर में एकमुश्त 50 प्रतिशत की राहत मिलेगी। इस निर्णय का लाभ पूरे प्रदेश के वाहन विक्रेताओं एवं खरीदारों को मिलेगा।
सड़क सुरक्षा शपथ और नारी मैराथन पोस्टर विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने सड़क सुरक्षा शपथ पर हस्ताक्षर किए तथा आगामी महिला दिवस पर आयोजित नारी मैराथन के पोस्टर का भी विमोचन किया।
इस अवसर पर परिवहन सचिव एस. प्रकाश, परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर, कैट के वाइस चेयरमैन अमर परवानी, राजकुमार सिंघानिया, रविन्द्र भसीन, विवेक गर्ग सहित रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






