जनदर्शन में राजस्व प्रकरणों की धीमी रफ्तार पर कलेक्टर का एक्शन मोड
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली – छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
एक सप्ताह में सभी लंबित मामलों के निराकरण के निर्देश, एसडीएम-तहसीलदारों को नोटिस
मुंगेली | ACGN :- जिला कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन के दौरान राजस्व प्रकरणों के निराकरण में हो रही देरी पर कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने कड़ा रुख अपनाया। मुंगेली एवं लोरमी अनुविभाग से बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने राजस्व मामलों की अधिकता और लापरवाही पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
जनदर्शन में भूमि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन आदि लंबित प्रकरणों को लेकर नागरिकों ने शिकायतें दर्ज कराईं। इस पर कलेक्टर ने मुंगेली एवं लोरमी के एसडीएम तथा तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित प्रकरणों का अनिवार्य निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि राजस्व मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। अनुपस्थिति को गंभीर लापरवाही मानते हुए तीनों जनपद पंचायतों के सीईओ का एक दिन का वेतन काटने और बीईओ-बीआरसी को स्पष्टीकरण देने के निर्देश भी जारी किए गए।

अंशकालीन स्कूल सफाईकर्मियों के मानदेय भुगतान में हो रही देरी पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और नियमानुसार तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान कलेक्टर ने आमजनों की समस्याएं और मांगें स्वयं सुनीं। इस दौरान 100 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इसमें ग्राम पालचुवा के बिहारी यादव द्वारा स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण, ग्राम बिचारपुर के रामखिलावन यादव द्वारा ऋण पुस्तिका एवं बी-वन संशोधन, ग्राम तोताकापा के मुकेश द्वारा आधार कार्ड निर्माण, ग्राम परसवारा की पूजा यादव द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना अंतर्गत गैस कनेक्शन, ग्राम सेतगंगा के ग्रामीणों द्वारा शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा दाउपारा मुंगेली के हेमंत साहू द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम अंतर्गत ऋण दिलाने संबंधी आवेदन शामिल रहे।

कलेक्टर ने सभी आवेदनों के समयबद्ध और नियमानुसार निराकरण का आश्वासन दिया। जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






