नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , जंगलों के बीच बसे गिद्धमुड़ी गांव में जगी उम्मीद, अब आसान होगा शहर तक का सफर; 5.72 करोड़ से सुधरेंगी तीन ग्रामीण सड़कें – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

जंगलों के बीच बसे गिद्धमुड़ी गांव में जगी उम्मीद, अब आसान होगा शहर तक का सफर; 5.72 करोड़ से सुधरेंगी तीन ग्रामीण सड़कें

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

कोरबा, छत्तीसगढ़

By ACGN – 7647981711, 9303948009

जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर हाथी प्रभावित वनांचल के ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर सड़क सुविधा, गिद्धमुड़ी से कोटखर्री मार्ग के लिए 2.46 करोड़ रुपये स्वीकृत

कोरबा, ACGN:- जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच बसे गिद्धमुड़ी गांव के ग्रामीणों के लिए सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी महत्वपूर्ण सुविधा है। इसी सड़क से बच्चे स्कूल पहुंचते हैं, किसान अपनी उपज लेकर बाजार जाते हैं और जरूरत पड़ने पर बीमार लोगों को अस्पताल ले जाया जाता है। लंबे समय से खराब सड़क के कारण परेशान ग्रामीणों के लिए अब राहत की खबर है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गिद्धमुड़ी से कोटखर्री तक 8.20 किलोमीटर लंबी सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ 46 लाख 62 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है।


पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के अंतिम छोर पर स्थित इन गांवों की भौगोलिक परिस्थितियां काफी अलग हैं। चारों ओर जंगल, दूर-दूर तक बसे गांव और आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करना यहां के ग्रामीणों की दिनचर्या का हिस्सा है। गिद्धमुड़ी से कोटखर्री तक का मार्ग पतुरियाडांड होते हुए मदनपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ता है। यह क्षेत्र के प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक है। समय के साथ सड़क क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। अब सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
जंगल के बीच अच्छी सड़क होना हमारे लिए बहुत जरूरी
गिद्धमुड़ी निवासी गोवर्धन बिंझवार और ग्रामीण महिला पर्वतिया बाई ने सड़क सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि घरेलू जरूरतों और अन्य कामकाज के लिए उनका कोटखर्री सहित आसपास के गांवों में आना-जाना लगा रहता है। वहीं दूसरे गांवों के लोग भी गिद्धमुड़ी, पतुरियाडांड और मोरगा आते-जाते हैं। सड़क खराब होने के कारण सभी को परेशानी होती थी। अब सड़क की मरम्मत होने की जानकारी से ग्रामीणों को राहत मिली है।


ग्रामीणों ने बताया कि उनका गांव जंगलों के बीच बसा है और इस क्षेत्र में हाथियों सहित अन्य वन्यप्राणियों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में बेहतर सड़क उनके लिए बेहद जरूरी है। सड़क अच्छी होने से ग्रामीण अपने जरूरी कामों के लिए कम समय में गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।


बीमारी के समय गांव तक आसानी से पहुंच सकेगी एंबुलेंस
गिद्धमुड़ी निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि जब गांव में पहले पक्की सड़क बनी थी, तब आवागमन में काफी सुविधा होती थी। लेकिन समय के साथ सड़क खराब होने से परेशानी बढ़ गई। अब मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क की मरम्मत की स्वीकृति मिलने से उन्हें खुशी है। सड़क बेहतर होने पर ग्रामीण अपने वाहनों से आसानी से आ-जा सकेंगे। किसी के बीमार पड़ने पर एंबुलेंस को गांव तक पहुंचने और मरीज को अस्पताल ले जाने में भी सहूलियत होगी।


दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए सड़क की उपयोगिता शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी जरूरतों से जुड़ी है। शहरों में जहां अस्पताल, बाजार और शिक्षण संस्थानों तक पहुंच अपेक्षाकृत आसान होती है, वहीं जंगलों के बीच बसे गांवों में सड़क की स्थिति ही इन सुविधाओं तक पहुंच का बड़ा आधार बनती है।


जिले की तीन ग्रामीण सड़कों के लिए 5 करोड़ 72 लाख 19 हजार रुपये मंजूर
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कोरबा जिले की पांच वर्ष की अवधि पूरी कर चुकी तीन ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए कुल 5 करोड़ 72 लाख 19 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इन सड़कों की कुल लंबाई 18.80 किलोमीटर है।
स्वीकृत कार्यों में करतला विकासखंड की केराकछार से मौहार तक 3.24 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 1 करोड़ 2 लाख 76 हजार रुपये, पिड़िया से बड़मार तक 7.36 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 2 करोड़ 22 लाख 81 हजार रुपये तथा पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड की गिद्धमुड़ी से कोटखर्री तक 8.20 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 2 करोड़ 46 लाख 62 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता सी.एस. तंवर ने बताया कि स्वीकृत सड़कों का निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इन सड़कों के बेहतर होने से विद्यार्थियों को स्कूल और महाविद्यालय पहुंचने, किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। हाथी प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं, वन विभाग और अन्य विभागों के मैदानी अमले के आवागमन में भी बेहतर सड़क संपर्क सहायक होगा।
       दूरस्थ गांवों तक विकास की पहुंच होगी मजबूत
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की यह पहल दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। गिद्धमुड़ी जैसे गांवों में सड़क का सुदृढ़ीकरण केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के अवसरों तक पहुंच आसान बनाने का माध्यम भी है।
जिला मुख्यालय से लगभग सौ किलोमीटर दूर बसे गिद्धमुड़ी के ग्रामीण अब उस दिन का इंतजार कर रहे हैं, जब उनके गांव की सड़क बेहतर होगी। बच्चों का स्कूल तक का सफर आसान होगा, किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी और जरूरत पड़ने पर बीमारों को अस्पताल ले जाने में भी परेशानी कम होगी। घने जंगलों के बीच बसे इन गांवों में सड़क सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति ने ग्रामीणों के मन में सुविधाजनक भविष्य की नई उम्मीद जगाई है।


प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now