नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , संविधान के आदर्शों से विकास की नई इबारत लिखने का दावा, सुशासन और जनकल्याण से विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

संविधान के आदर्शों से विकास की नई इबारत लिखने का दावा, सुशासन और जनकल्याण से विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

रायपुर, छत्तीसगढ़

By ACGN – 7647981711, 9303948009

रायपुर ACGN:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित सशक्त राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है। राज्य सरकार संविधान के इन्हीं आदर्शों को सुशासन का आधार बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और जनजातीय समाज के कल्याण के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, रोजगार और अधोसंरचना विकास को नई दिशा देने का प्रयास कर रही है।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 26 नवंबर को राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही ‘संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़’ पुस्तक का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत संविधान भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित सभी संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि संविधान की सार्थकता तभी है, जब उसके आदर्श हमारे निर्णयों, नीतियों और व्यवहार में दिखाई दें।


आपातकाल के संघर्ष से लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तक
मुख्यमंत्री ने वर्ष 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए थे। लोकतंत्र की रक्षा के लिए हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा। उन्होंने अपने बड़े पिताजी नरहरि साय का उदाहरण देते हुए बताया कि वे लोकतंत्र सेनानी थे और आपातकाल के विरोध में उन्हें 19 महीने जेल में रहना पड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का त्याग और संघर्ष संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रेरणा देता रहेगा। राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में पूर्व में बंद की गई सम्मान राशि को पुनः प्रारंभ किया है।
जनजातीय संस्कृति की सुरक्षा और समान नागरिक संहिता पर आश्वासन
समान नागरिक संहिता के विषय पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इसके लिए समिति का गठन किया गया है। उन्होंने जनजातीय समाज की आशंकाओं को दूर करते हुए कहा कि जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से इन परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।


      बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का नया दौर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक बस्तर में लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास को चुनौती दी। नक्सली गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन बस्तर की जनता ने लोकतंत्र में अपना विश्वास बनाए रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के विरुद्ध कार्रवाई से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा की स्थिति मजबूत हुई है। अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य बस्तर को देश के अग्रणी जनजातीय संभाग के रूप में विकसित करना है।


        मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में काम
मुख्यमंत्री ने आईएनडी-24 न्यूज चैनल के विशेष कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री जी से संवाद – छत्तीसगढ़ के विकास का विजन’ में भी प्रदेश की तीन वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2023 में सरकार गठन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में काम शुरू किया गया। पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति का निर्णय लिया गया। किसानों को दो वर्षों का लंबित धान बोनस प्रदान किया गया और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की व्यवस्था लागू की गई। तेंदूपत्ता संग्राहकों की पारिश्रमिक दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की गई तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना शुरू की गई।


         महतारी वंदन से महिलाओं को आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। नवंबर 2026 तक 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 14 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं के नाम अचल संपत्ति की रजिस्ट्री पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत तथा स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट दी जा रही है। महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका से जोड़ने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेंटर और डायल-112 नेक्स्ट जेन सेवा को मजबूत किया गया है। प्रदेश के सभी 33 जिलों में सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं।
      किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्धि का आधार किसान हैं। सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है। उन्होंने बताया कि 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी 21 क्विंटल के बराबर पूरी इनपुट सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है, जिससे विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के छोटे और सीमांत किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
      औद्योगिक निवेश से रोजगार और आर्थिक अवसर
मुख्यमंत्री के अनुसार, छत्तीसगढ़ अब खनिज आधारित पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और रोजगार आधारित उद्योगों के केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश को 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। निवेश और कारोबार को सुगम बनाने के लिए 450 से अधिक सुधार किए गए हैं। छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 और वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 के माध्यम से उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की पहल की गई है।
नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई और एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त फार्मा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और रेडीमेड गारमेंट पार्क विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
    शिक्षा, कौशल और तकनीक से युवाओं को नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार के साथ उद्यमिता और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के अंतर्गत पांच हजार स्टार्टअप प्रारंभ करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री सेतु योजना के तहत प्रदेश की 30 आईटीआई का उन्नयन किया जा रहा है और छह शासकीय इंजीनियरिंग एवं पॉलीटेक्निक कॉलेजों को सीजीआईटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री एआई मिशन के माध्यम से 14 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है। प्रदेश में 273 करोड़ रुपये की स्वीकृति से 38 नालंदा लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। नवा रायपुर में 200 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना की जा रही है, जहां प्रतिवर्ष चार हजार युवाओं को आधुनिक उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देने की योजना है।
बेटियों की शिक्षा के लिए ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के अंतर्गत 6,671 शासकीय विद्यालयों में शौचालय निर्माण की पहल की गई है। सरस्वती साइकिल योजना से 1.62 लाख बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है। बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों से बंद विद्यालयों को फिर से प्रारंभ करने और दूरस्थ अंचलों में शिक्षा की सुविधाएं बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
       स्वास्थ्य सेवाओं का दूरस्थ अंचलों तक विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। गीदम में मेडिकल कॉलेज और जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संचालन प्रारंभ हुआ है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
पर्यटन, जनजातीय संस्कृति और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर और जनजातीय संस्कृति प्रदेश की अमूल्य संपदा हैं। पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने के साथ मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन प्रारंभ किया गया है। छत्तीसगढ़ होमस्टे नीति 2025-30 के माध्यम से स्थानीय रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
बस्तर पंडुम के माध्यम से जनजातीय लोककला, नृत्य, संगीत, पारंपरिक खान-पान और विरासत को मंच दिया जा रहा है। अखरा विकास योजना से जनजातीय आस्था स्थलों का विकास किया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के माध्यम से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की पहल की गई है।
        आधुनिक अधोसंरचना और ऊर्जा क्षेत्र पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सड़क, रेल, आवास, पेयजल, ऊर्जा और आधुनिक शहरी अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 1.38 लाख सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।
        संविधान के मूल्यों से सुशासन तक का संकल्प
संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि संविधान समय और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप देश को आगे बढ़ने की दिशा देता है। राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने बाबा साहेब की विरासत को भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने कहा कि संविधान नागरिकों को मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का विकास विजन केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने से जुड़ा है। किसानों की समृद्धि, महिलाओं का सशक्तीकरण, युवाओं की प्रगति और वंचित वर्गों का उत्थान ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। उनका कहना है कि सुशासन, सामाजिक न्याय, आधुनिक तकनीक, नवाचार और जनभागीदारी के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में स्थान दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।


प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबरें, जनसमस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे हमें भेजें: 7647981711, 9303948009।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now