स्मार्ट मीटर और मोर बिजली एप देखने छत्तीसगढ़ पहुंचा देशभर की बिजली कंपनियों का प्रतिनिधिमंडल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
रायपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर की स्थापना और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी लेने देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधि रायपुर पहुंचे हैं। ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन (एआईडीए) के महानिदेशक आलोक कुमार ने छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर और मोर बिजली एप के माध्यम से उपभोक्ताओं को मिल रही सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर और एप के जरिए उपभोक्ता अपनी बिजली खपत पर नजर रखने के साथ उसे नियंत्रित भी कर सकते हैं।
पावर कंपनियों के मुख्यालय डंगनिया स्थित सेवा भवन में आयोजित दो दिवसीय नॉलेज शेयरिंग एवं फील्ड विजिट कार्यक्रम के पहले दिन कार्यशाला हुई। इसमें एआईडीए के महानिदेशक आलोक कुमार ने कहा कि मोर बिजली एप में खपत पूर्वानुमान, ग्राफ आधारित विश्लेषण, रियल टाइम अपडेट और तुलनात्मक आंकड़ों जैसी सुविधाएं उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी हैं। इन सुविधाओं से बिजली खपत को बेहतर ढंग से समझने और प्रबंधित करने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा विकसित मोर बिजली एप और प्रकाश एप की जानकारी अन्य राज्यों की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ भी साझा की जाएगी।

कार्यशाला में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने बताया कि प्रदेश में करीब 66 लाख बिजली उपभोक्ता और लगभग 8 लाख कृषि पंप कनेक्शन हैं। आठ रीजन में विभाजित प्रदेश में अब तक करीब 80 प्रतिशत स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ देश में चौथे स्थान पर है। शेष स्मार्ट मीटर मार्च 2027 तक लगाने का लक्ष्य रखा गया है। रायपुर में घरेलू स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य 98 प्रतिशत पूरा हो चुका है। फीडर मीटरिंग का काम शत-प्रतिशत पूरा हो गया है, जबकि दो लाख डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर मीटर लगाने के लक्ष्य के मुकाबले 65 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।
श्री कंवर ने कहा कि बेहतर समन्वय, निगरानी और टीमवर्क से स्मार्ट मीटर स्थापना के काम में तेजी आई है। मोर बिजली एप में कुल 36 सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके माध्यम से उपभोक्ता बिजली संबंधी शिकायत दर्ज कराने, उसके निराकरण की स्थिति जानने, बिल भुगतान करने और पिछले दो वर्षों की बिजली खपत एवं भुगतान का विवरण देख सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि स्मार्ट मीटर को लेकर अन्य राज्यों में फैले भ्रम का असर छत्तीसगढ़ में भी पड़ा, लेकिन उपभोक्ताओं से संवाद कर समस्याओं का समाधान किया गया।

कार्यपालक निदेशक (ओ एंड एम) संजय खंडेलवाल ने बताया कि नई तकनीक के स्मार्ट मीटर स्थापित करना चुनौतीपूर्ण था। कंपनी ने उपभोक्ताओं के बीच इस तकनीक की स्वीकार्यता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया। प्रदेश के 55.43 लाख घरेलू बिजली कनेक्शनों में से 44.22 लाख में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा 90 प्रतिशत सरकारी कार्यालयों, 76 प्रतिशत वाणिज्यिक और 58 प्रतिशत औद्योगिक कनेक्शनों में भी स्मार्ट मीटर स्थापित किए गए हैं।
कार्यपालक निदेशक (ईआईटीसी) ए.एम. परियल ने मोर बिजली एप के खपत पूर्वानुमान फीचर की जानकारी देते हुए बताया कि इससे उपभोक्ता आगामी बिजली बिल का अनुमान लगा सकते हैं और अपनी खपत को बेहतर ढंग से प्रबंधित कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और फील्ड अमले के लिए प्रकाश एप को भी उपयोगी बताया। कार्यक्रम में सहायक अभियंता मनोज बजाज ने मोर बिजली एप का प्रस्तुतिकरण दिया।

प्रतिनिधिमंडल को 27 नवंबर को राजनांदगांव स्थित बैटरी स्टोरेज सोलर पावर प्लांट का क्षेत्रीय भ्रमण भी कराया जाएगा। कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक वी.के. साय एवं एम. जामुलकर, मुख्य अभियंता संजीव सिंह एवं ए.के. लखेरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविंद पटेल ने किया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबरें, जनसमस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे हमें भेजें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































