बचपन को कैंसर से बचाने की अनूठी पहल! रेड रोज शिशु महोत्सव में गूंजा जागरूकता का संदेश, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बरहमपुर, ओडिशा
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- विजयानंद जी महाराज
क्रांति इंस्टीट्यूट ने रेड रोज चिल्ड्रन फेस्टिवल-2026 के जरिए बच्चों और अभिभावकों को किया जागरूक, करीब 300 प्रतिभागियों को मिला सम्मान, स्वस्थ और कैंसर मुक्त बचपन का दिया संदेश।
बरहमपुर ACGN:- बच्चों की खिलखिलाहट में ही देश का भविष्य छिपा है, लेकिन यदि बचपन ही गंभीर बीमारियों की चपेट में आ जाए तो यह चिंता पूरे समाज की जिम्मेदारी बन जाती है। इसी सोच के साथ ओडिशा के बरहमपुर में क्रांति इंस्टीट्यूट ने बचपन के कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने और बच्चों में उम्मीद का संचार करने की अनूठी पहल की। स्थानीय सरकारी आईटीआई ऑडिटोरियम में 22 नवंबर 2026 को रेड रोज शिशु महोत्सव के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ रेड रोज चिल्ड्रन फेस्टिवल-2026 का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान जगन्नाथ के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। क्रांति इंस्टीट्यूट के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एवं मुंह के कैंसर से जूझ रहे डॉ. देबानंद दाश ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर ISRD के निदेशक एवं गंजाम जिला योजना बोर्ड के सदस्य सुधीर सावत तथा बरहमपुर डेंटल क्लिनिक की दंत चिकित्सक डॉ. देवयानी देब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों और अभिभावकों को बचपन में होने वाले कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए समय पर सतर्कता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

डॉ. देबानंद दाश ने कहा कि बच्चों को स्वस्थ वातावरण और बेहतर खानपान देना माता-पिता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के भोजन में हरी सब्जियों को शामिल करने, जंक फूड से दूरी रखने और बचपन के कैंसर के लक्षणों एवं जोखिमों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने बच्चों को कैंसर मुक्त भविष्य देने के लिए समाज के हर वर्ग से सहयोग की अपेक्षा जताई।
डॉ. देवयानी देब ने बच्चों में कैंसर से जुड़े जोखिमों और बचाव के उपायों पर जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों को विशेष रूप से बच्चों को धूम्रपान, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के संपर्क से दूर रखने की सलाह दी। वहीं सुधीर सावत ने कैंसर के खतरों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से इस गंभीर बीमारी के खिलाफ लड़ाई को मजबूत किया जा सकता है।

कार्यक्रम में जागरूकता के संदेश के साथ बच्चों की प्रतिभा को मंच देने का भी शानदार प्रयास देखने को मिला। बरहमपुर और आसपास के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने क्रांति इंस्टीट्यूट के नन्हे कलाकारों के साथ सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। क्रांति इंस्टीट्यूट के कलाकारों की मनमोहक संबलपुरी नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नन्हे-मुन्ने कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
महोत्सव के दौरान पूर्व में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले लगभग 300 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में निर्मला दाश, देवराज राउत, संजय रथ, अनिल कुमार सेठी, विज्ञान चंद्र महाराणा, मानस रथ, परमानंद पंडा, धनंजय पाणिग्राही, चर्चिका दाश, चिन्मयानंद दाश, पूर्णचंद्र साहू तथा ISRD के सदस्य प्रभात पाढ़ी, गोपाल बेहरा और शयनी मलिक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रेड रोज चिल्ड्रन फेस्टिवल-2026 ने एक ओर जहां बच्चों की सांस्कृतिक प्रतिभा को नई पहचान दी, वहीं दूसरी ओर बचपन के कैंसर जैसे गंभीर विषय को समाज के बीच लाकर जागरूकता का संदेश भी दिया। आयोजन के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे धूम्रपान और तंबाकू जैसे हानिकारक पदार्थों से दूरी बनाएं, बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें और एक स्वस्थ, सुंदर तथा कैंसर मुक्त बचपन के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबरें, जनसमस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे हमें भेजें। संपर्क: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
















































