पटाखों का विवाद पहुंचा घर तक, युवक को उठाकर ले गए आरोपी – मारपीट का वीडियो बनाने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी रायगढ़
दीपावली की रात शुरू हुआ विवाद अगले दिन हिंसा में बदला, घर में घुसकर युवक से मारपीट और जबरन गाड़ी में ले जाने का आरोप; पुलिस ने मोबाइल किया जब्त, तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी।
रायगढ़ ACGN:- दीपावली की खुशियों के बीच पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले दिन एक युवक के घर तक पहुंच गया। आरोप है कि कुछ युवक घर में घुसे, सो रहे युवक के साथ मारपीट की और उसे जबरन कार में बैठाकर दूसरी जगह ले गए, जहां फिर से उसके साथ मारपीट की गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया था। मामले में फरार चल रहे आरोपी दीप अग्रवाल को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वीडियो बनाने में इस्तेमाल ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। वहीं, तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हण्डी चौक निवासी 18 वर्षीय निमिश अग्रवाल ने 9 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां पटाखे फोड़ रहे हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों के साथ कमेंट करने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर हनी अग्रवाल और अरुण शर्मा ने निमिश के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण शर्मा ने हाथ में पहने कड़े से वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई। घटना के बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए।
लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। शिकायत के अनुसार, 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे जब निमिश अपने घर में सो रहा था, तभी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद रंग की ऑल्टो कार से उसके घर पहुंचे। आरोप है कि चारों जबरन घर में घुस गए और पटाखे फोड़ने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अरुण शर्मा पर जूता निकालकर निमिश के सिर पर मारने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर निमिश को जबरदस्ती कार में बैठाया और बोईरदादर स्टेडियम से आगे एचपी गैस एजेंसी के पास सड़क पर ले जाकर फिर मारपीट की। शिकायत में बताया गया कि इस घटना का वीडियो हनी अग्रवाल ने बनाया था। बाद में युवक को हण्डी चौक के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2), 333, 140(3) एवं 3(5) में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
विवेचना के दौरान 12 नवंबर को पुलिस ने फरार आरोपी दीप अग्रवाल, पिता रविन्द्र अग्रवाल, उम्र 26 वर्ष, निवासी विकास नगर गली नंबर 03, कोतरारोड़, रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। उसके कब्जे से घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
इस मामले में अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल और लक्ष्य शुक्ला अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी की कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके के पर्यवेक्षण में की गई। इसमें प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी कोतवाली अजय नागवंशी, निरीक्षक अमित तिवारी, एसआई ऐनु देवांगन, एएसआई कोसो जगत और पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।
पटाखे फोड़ने जैसी छोटी-सी बात से शुरू हुआ विवाद यदि घर में घुसकर मारपीट और जबरन ले जाने जैसी घटना तक पहुंच जाए, तो यह केवल दो पक्षों का विवाद नहीं रह जाता, बल्कि कानून-व्यवस्था और सामाजिक व्यवहार पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। ऐसे मामलों में कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई जरूरी है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें, जनसमस्याएं एवं जनहित के मुद्दे हम तक पहुंचाएं। संपर्क करें : 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
















































