36 श्रेणियों में राज्य अलंकरण का ऐलान, पत्रकारिता से पंडवानी तक प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
राज्योत्सव 2026 में कला, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं और संस्थाओं का होगा सम्मान, मंत्री राजेश अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता में घोषित किए नाम।
रायपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में प्रदेश की प्रतिभाओं और विशिष्ट योगदान देने वाली संस्थाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर स्थित सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में 36 श्रेणियों के राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा की। इन सम्मानों में कला, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, समाजसेवा, शिक्षा, कृषि, चिकित्सा और जनसेवा सहित कई क्षेत्र शामिल हैं।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण प्रदेश की प्रतिभाओं, उनकी उपलब्धियों और समाज के प्रति योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। ऐसे पुरस्कार नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा निखारने और समाज के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
समाजसेवा, आदिवासी उत्थान और जनकल्याण के लिए सम्मान
घोषित सूची के अनुसार शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान धमतरी के डुमन लाल ध्रुव को, यति यतनलाल सम्मान दुर्ग के विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम को तथा मिनीमाता सम्मान गरियाबंद की लोक आस्था सेवा संस्थान और लता नेताम को दिया जाएगा।

गुरु घासीदास सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान सम्मान कबीरधाम के सुखचंद भास्कर, ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार बस्तर की प्राथमिक कुडुक मछुआ सहकारी समिति के धनसिंह बघेल और महाराजा अग्रसेन सम्मान रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल को मिलेगा। पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान बिलासपुर के तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान को प्रदान किया जाएगा।
साहित्य, लोककला और संगीत की प्रतिभाओं को भी पहचान
सांस्कृतिक और साहित्यिक क्षेत्र में हबीब तनवीर सम्मान रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर, पंडित सुन्दरलाल शर्मा सम्मान रायगढ़ के डॉ. बिहारीलाल साहू और चक्रधर सम्मान रायपुर के डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को दिया जाएगा।
दाऊ मंदराजी सम्मान रायपुर की रेखा जलक्षत्री, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान दुर्ग की साधना यादव, देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार रायपुर के सी.एल. रात्रे और खुमान साव सम्मान रायपुर के चंद्रभूषण वर्मा को प्रदान किया जाएगा। लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दुर्ग के दुर्गा प्रसाद पारकर तथा संत रविदास सम्मान बालोद के जगदीश प्रसाद देशमुख को मिलेगा।

पत्रकारिता के क्षेत्र में इन नामों की घोषणा
राज्य अलंकरण में पत्रकारिता के क्षेत्र को भी स्थान दिया गया है। हिन्दी प्रिंट मीडिया के लिए चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार रायपुर के प्रमोद कुमार साहू को दिया जाएगा। हिन्दी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए यही पुरस्कार वरुण सखाजी और रसिका पाण्डेय को संयुक्त रूप से प्रदान किया जाएगा।
अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के लिए मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार रायपुर के शिशिर राय चौधरी को मिलेगा। वहीं रचनात्मक लेखन और हिन्दी भाषा के क्षेत्र में पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को प्रदान किया जाएगा।
खेल, कृषि, चिकित्सा और अन्य क्षेत्रों में भी चयन
खेल के क्षेत्र में गुण्डाधूर सम्मान कोरबा की संजू देवी और महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान बालोद के टोमन कुमार को दिया जाएगा। कृषि के क्षेत्र में डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार कबीरधाम के पुन्नी दास भट्ट को मिलेगा। धन्वन्तरि सम्मान धमतरी के डॉ. दिनेश कुमार नाग तथा मत्स्य विकास पुरस्कार बालोद के प्रदीप कुमार सोनी को प्रदान किया जाएगा।
संस्कृत भाषा के लिए राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज सम्मान रायपुर के डॉ. बहुरन सिंह पटेल को, आदिवासी सेवा के लिए डॉ. भंवरसिंह पोर्ते सम्मान नवा रायपुर के सत्य साई संजीवनी अस्पताल और सी. श्रीनिवास को तथा श्रम क्षेत्र में स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार बलौदाबाजार जिले के अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह के अंतरयामी सामल को दिया जाएगा। अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को मिलेगा।
सिनेमा, पंडवानी, महिला सशक्तिकरण और विधि के क्षेत्र में भी सम्मान
छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान दंतेवाड़ा की दीपाली सरावगी को प्रदान किया जाएगा। किशोर साहू सम्मान रायपुर के सैयद ताहिर अली (करन खान) और किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण रायपुर के मोहन सुंदरानी को मिलेगा। पंडवानी कला के लिए डॉ. तीजन बाई सम्मान दुर्ग के चेतन लाल देवांगन को दिया जाएगा।
महिला उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष और नारी उत्थान के लिए माता बहादुर कलारिन सम्मान कांकेर की बुलबुल बैद्या को, विधि के क्षेत्र में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान दिल्ली के कौस्तुभ शुक्ला और रायपुर के हेमन्त कुमार मिश्र को संयुक्त रूप से तथा ग्रामीण पर्यटन के लिए चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार कबीरधाम के सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय को प्रदान किया जाएगा।
नई पीढ़ी को प्रेरित करेंगे सम्मान : मंत्री अग्रवाल
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण केवल व्यक्तियों और संस्थाओं का सम्मान नहीं, बल्कि उनके समर्पण, परिश्रम और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना का अभिनंदन है। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, परंपराओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का योगदान प्रदेश के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने चयनित सभी विभूतियों और संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को उत्कृष्ट कार्य करने और प्रदेश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, संचालक संस्कृति विभाग डॉ. संजय कन्नौजे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
अपने क्षेत्र की आवाज बनने के लिए जुड़े हमारे साथ। छत्तीसगढ़ के सभी जिले, तहसील एवं ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































