ज्वेलरी दुकान में करोड़ों का खेल! फर्जी चेक से 1.88 करोड़ की ठगी, महिला गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
नगर निगम में नौकरी करने का झांसा देकर जीता भरोसा, सोने-चांदी और हीरे के आभूषण लेकर थमाए गलत हस्ताक्षर वाले चेक; दूसरी महिला आरोपी फरार।
रायपुर ACGN:- राजधानी के सदर बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान में करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक, दो महिलाओं ने नगर निगम के आवास विभाग में काम करने का झांसा देकर ज्वेलरी कारोबारी का भरोसा जीता और करीब 1 करोड़ 88 लाख 37 हजार 630 रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लेकर भुगतान के नाम पर चेक थमा दिए। मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी किरण साहू को गिरफ्तार किया है, जबकि उसकी दूसरी साथी फरार है।
पुलिस के अनुसार, भाठागांव निवासी रिखब बरडिया की सदर बाजार में विधि ज्वेलर्स एंड बुलियन नाम से दुकान है। शिकायत के मुताबिक, 24 अगस्त 2026 को किरण साहू अपनी एक महिला साथी के साथ दुकान पहुंची। उसने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताकर कारोबारी का विश्वास हासिल किया। इसके बाद दोनों ने करीब 37 लाख रुपये के आभूषण लिए। इसके बदले 250 ग्राम सोने का बिस्कुट और 7 लाख रुपये नकद दिए, जबकि शेष 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए चेक दिया।
शिकायत के मुताबिक, 26 अगस्त को दोनों महिलाएं फिर दुकान पहुंचीं और करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण ले गईं। भुगतान के लिए 1 करोड़ 73 लाख 37 हजार 630 रुपये का दूसरा चेक दिया गया। दोनों ने दो-तीन दिनों में सोने के बिस्कुट देने का आश्वासन भी दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब कारोबारी ने 1 सितंबर को 15 लाख रुपये का चेक बैंक में जमा किया। पुलिस के मुताबिक, गलत हस्ताक्षर के कारण चेक अनादरित हो गया। इसके बाद कारोबारी ने किरण साहू से संपर्क किया, लेकिन वह कथित तौर पर टालमटोल करती रही। न भुगतान हुआ और न ही आभूषणों का हिसाब मिला। इसके बाद कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने किरण साहू को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपनी साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
किरण साहू (28 वर्ष), पति गोपाल साहू, निवासी मजदूर नगर सरोरा, थाना उरला, जिला रायपुर को गिरफ्तार किया गया है। थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 402/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस अब कथित धोखाधड़ी से प्राप्त आभूषणों का पता लगाने में जुटी है। दूसरी महिला आरोपी की तलाश जारी है।
करोड़ों के आभूषण आखिर कहां गए? एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल कथित तौर पर लिए गए आभूषणों की बरामदगी और फरार महिला की तलाश का है। जांच आगे बढ़ने पर ही पूरे मामले की कड़ियां स्पष्ट हो सकेंगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। बने अपने क्षेत्र की आवाज 7647981711, 9303948009।
हमारे द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले, तहसील और ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे हैं। इच्छुक व्यक्ति संपर्क कर सकते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































