देवनगर में लगा सेवा संकल्प शिविर, मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि और विजेताओं को पुरस्कार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
विधायक भूलन सिंह मरावी बोले—सशक्त परिवार और विकसित गांवों से ही साकार होगा विकसित भारत का संकल्प
सूरजपुर ACGN:- सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में लगातार विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड रामानुजनगर के देवनगर में विधानसभा स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर के दौरान ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का अतिथियों ने अवलोकन किया। बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया गया और प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 10वीं के विद्यालयीन विद्यार्थियों को 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजवाड़े, जनपद अध्यक्ष रामानुजनगर गुलाब सिंह, उपाध्यक्ष रामप्रताप साहू, जिला पंचायत सदस्य नयन सिदार, जनपद अध्यक्ष प्रेमनगर फुलेश सिदार, संदीप अग्रवाल, मुकेश गर्ग, अनिल साहू, पवन सिंह, विजय राजवाड़े, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

विधानसभा स्तरीय शिविर को संबोधित करते हुए विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी लोगों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।

विधायक श्री मरावी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति और परिवार को सक्षम बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि परिवार सशक्त होगा तो ग्राम पंचायत भी मजबूत होगी और ग्राम पंचायतों के विकास से छत्तीसगढ़ आगे बढ़ेगा। उन्होंने ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने तथा गांव, प्रदेश और देश के विकास में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

शिविर में एक ही परिसर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर आयुष्मान कार्ड बनाने, स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा दी गई। श्रम विभाग ने श्रमिक पंजीयन और श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पौष्टिक आहार, हरी सब्जियों और स्थानीय खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन कर संतुलित आहार और सुपोषण का संदेश दिया।
समाज कल्याण विभाग ने पेंशन सहित वरिष्ठजनों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। कृषि और उद्यानिकी विभाग ने खेती तथा सब्जी उत्पादन से जुड़ी जानकारी ग्रामीणों को दी। वहीं राजस्व विभाग के स्टॉल पर राजस्व संबंधी कार्यों के साथ जाति और निवास प्रमाण-पत्र जैसी सेवाओं के लिए मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान ग्रामीणों से उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदन भी लिए गए। अधिकारियों के अनुसार प्राप्त आवेदनों में नियमानुसार निराकरण किए गए हैं, जबकि शेष आवेदनों का भी प्रक्रिया के अनुसार निराकरण किया जाएगा।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने चिरायु योजना, टीबी जांच, मौसमी बीमारियों से बचाव और सर्पदंश की स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुंचने के महत्व के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया। विद्युत विभाग ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सौर संयंत्र लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। विभागीय जानकारी के अनुसार एक किलोवाट क्षमता के लिए 45 हजार रुपये, दो किलोवाट के लिए 90 हजार रुपये और तीन किलोवाट क्षमता के लिए 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी का प्रावधान बताया गया।
इसके साथ ही ग्रामीणों को आवास योजना की पात्रता और योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ना रहा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
हमारे द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले तहसील ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किया जा रहे हैं इच्छुक व्यक्ति संपर्क कर सकते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































