सड़क मौतों पर लगा ब्रेक! 9 महीने में 77 जानें बचीं, लेकिन खतरा अभी बरकरार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
दुर्ग, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
हेलमेट से लेकर नशे में ड्राइविंग तक पर कार्रवाई, ब्लैक स्पॉट और ग्रामीण इलाकों में भी बढ़ाई गई निगरानी
दुर्ग ACGN:- सड़क हादसों को लेकर दुर्ग जिले से राहत की खबर सामने आई है। यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में जनवरी से सितंबर तक सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 77 की कमी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2025 में इस अवधि के दौरान 272 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में यह आंकड़ा घटकर 195 रह गया। इस तरह मौतों में करीब 28.31 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
महीनेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो जनवरी 2025 में सड़क हादसों में 47 मौतें हुई थीं, जबकि जनवरी 2026 में यह संख्या घटकर 35 रह गई। फरवरी में 30 के मुकाबले 23, मार्च में 37 के मुकाबले 29 और अप्रैल में 40 के मुकाबले 22 मौतें दर्ज की गईं। मई में 23 से घटकर 19, जून में 27 से 15, जुलाई में 21 से 20, अगस्त में 22 से 15 और सितंबर में 25 से घटकर 17 मौतें हुईं।
अप्रैल महीने में पिछले साल की तुलना में सबसे ज्यादा 18 मौतों की कमी दर्ज की गई। जून में 12, जनवरी में 12, मार्च में 8, सितंबर में 8, फरवरी में 7, अगस्त में 7, मई में 4 और जुलाई में एक मौत कम हुई। यातायात पुलिस इन आंकड़ों को सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे लगातार प्रयासों का परिणाम बता रही है।
सड़क हादसों में कमी लाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा केवल चालानी कार्रवाई पर निर्भर रहने के बजाय कई स्तरों पर काम किए जाने की बात कही गई है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए लगातार समझाइश दी जा रही है और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है।
जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी सुबह से रात तक फिक्स पॉइंट लगाकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन कराने के साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
नशे में वाहन चलाने वालों पर भी यातायात पुलिस की नजर है। प्रमुख मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर शाम से देर रात तक ब्रेथ एनालाइजर के जरिए वाहन चालकों की जांच की जा रही है। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट के साथ ग्रामीण क्षेत्रों तथा प्रमुख मार्गों पर विशेष वाहन चेकिंग की जा रही है। ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ वाहन चालकों को निर्धारित गति से वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा शराब या अन्य नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी जा रही है।
यातायात पुलिस द्वारा स्कूल और कॉलेजों में भी सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। नुक्कड़ नाटक और अन्य जागरूकता गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों, वाहन चालकों और आम लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन कराने के साथ लोगों की सोच और व्यवहार में बदलाव लाना भी जरूरी है।
सड़क हादसा होने के बाद घायल को समय पर इलाज मिलना भी जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाता है। यातायात पुलिस के जवानों द्वारा दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने का काम भी किया जा रहा है। इसके साथ ही दुर्घटना वाले स्थानों में आवश्यक सुधार कार्य कराने पर भी लगातार ध्यान दिया जा रहा है।
यातायात पुलिस दुर्ग के अनुसार हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने, नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, ब्लैक स्पॉट पर निगरानी, वाहन चेकिंग, जनजागरूकता अभियान और दुर्घटना के बाद तत्काल सहायता जैसे प्रयास लगातार जारी हैं। जनवरी से सितंबर 2026 के आंकड़ों में मौतों की संख्या में आई कमी इसी अवधि के 2025 के आंकड़ों से तुलना पर आधारित है।
यातायात पुलिस दुर्ग ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और परिवार तथा परिचितों को भी नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षित यातायात, सुरक्षित परिवार और सुरक्षित समाज के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
हमारे द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले तहसील ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किया जा रहे हैं। इच्छुक व्यक्ति संपर्क कर सकते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































