विदेश मंत्रालय ने चुना छत्तीसगढ़! अब सिंगापुर में गूंजेगा निवेश का संदेश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता – अनादि पांडेय रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व, 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर दौरा; इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, आईटी-आईटीईएस और फार्मा में निवेश पर नजर
रायपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ अब अपनी औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने की तैयारी में है। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार ने सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ यानी SING फोरम 2026 के लिए देश के दो राज्यों छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक सिंगापुर प्रवास पर रहेगा और फोरम में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा।
SING फोरम के जरिए छत्तीसगढ़ को अपनी औद्योगिक प्रगति, निवेश की संभावनाओं और नई औद्योगिक विकास नीति को वैश्विक निवेशकों के सामने रखने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही सिंगापुर के कारोबारी जगत, निवेश संस्थानों और वैश्विक कंपनियों के साथ आर्थिक साझेदारी के नए रास्ते तलाशे जाएंगे।
पहली बार हो रहा SING फोरम
SING फोरम 2026 का यह पहला संस्करण है, जिसका आयोजन सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा किया जा रहा है। फोरम में सिंगापुर और भारत के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत के प्रमुख लोग और निवेशक शामिल होंगे। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना तथा व्यापार और निवेश के नए अवसर विकसित करना है।
सीईओ राउंडटेबल में मुख्यमंत्री करेंगे सीधा संवाद
सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सीईओ राउंडटेबल में भी शामिल होंगे। इस दौरान सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों, निवेश संस्थानों और वैश्विक कारोबारी समूहों के प्रमुख अधिकारियों के साथ सीधा संवाद होगा।
मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक विकास नीति, निवेशकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, वनक्लिक सिंगल विंडो प्रणाली और उद्योगों की स्थापना एवं संचालन के लिए विकसित कारोबारी वातावरण की जानकारी साझा करेंगे। प्रतिनिधिमंडल की कोशिश रोजगार सृजन वाले क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को सामने रखने की होगी।
इलेक्ट्रॉनिक्स से फार्मा तक नजर
प्रतिनिधिमंडल की बैठकों में इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, आईटी एवं आईटीईएस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर यानी जीसीसी और फार्मास्युटिकल्स जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान रहेगा। इन क्षेत्रों में निवेश के जरिए तकनीक आधारित औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
कौशल विकास और हरित विकास भी एजेंडे में
सिंगापुर यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेगा। इन बैठकों में कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता का उपयोग छत्तीसगढ़ में कुशल कार्यबल तैयार करने, प्राकृतिक विरासत के संरक्षण तथा सतत एवं हरित विकास को आगे बढ़ाने के लिए किए जाने की संभावना है।
“वैश्विक साझेदारी से खुलेंगे नए रास्ते”
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि सिंगापुर यात्रा छत्तीसगढ़ को दुनिया के बड़े साझेदारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विदेश मंत्रालय द्वारा SING फोरम के लिए छत्तीसगढ़ के चयन को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
मुख्यमंत्री के अनुसार इस यात्रा के माध्यम से राज्य में निवेश आकर्षित करने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने और वैश्विक विशेषज्ञता एवं नवाचार से जुड़कर विकास के नए रास्ते तलाशने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय के साथ राज्य प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव श्री विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक श्री विश्वेश कुमार तथा मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) श्री उमेश अग्रवाल शामिल रहेंगे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































