अंधेरे से उजाले की ओर भांठापारा! सोलर हाईमास्ट ने बदली गांव की रात
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
डीएमएफ से लगी सौर रोशनी, चौक-चौराहों से बाजार तक बढ़ी सुविधा, ग्रामीणों ने सुरक्षित आवागमन के लिए जताया आभार
कोरबा ACGN:- दिन ढलते ही अंधेरे में डूब जाने वाले वनांचल के गांवों में अब सौर ऊर्जा विकास की नई रोशनी लेकर पहुंच रही है। कोरबा जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की राशि से क्रेडा के माध्यम से लगाए जा रहे सोलर हाईमास्ट ग्रामीणों के लिए रात के समय रोशनी और सुरक्षित आवागमन का सहारा बन रहे हैं। कटघोरा विकासखंड के ग्राम भांठापारा में स्थापित सोलर हाईमास्ट से गांव के प्रमुख चौक-चौराहे और आसपास का क्षेत्र रात में रोशन हो रहा है।
गांव में लगाए गए हाईमास्ट का पोल 9 मीटर ऊंचा है। इसमें 1200 वॉट क्षमता के सोलर मॉड्यूल और 30 वॉट की एलईडी लाइटें लगाई गई हैं। इनकी रोशनी से चौक-चौराहों और आसपास के हिस्सों में पर्याप्त प्रकाश उपलब्ध हो रहा है। खास बात यह है कि इसमें डस्क-टू-डॉन तकनीक का उपयोग किया गया है, जिसके कारण सूर्यास्त होते ही लाइटें स्वतः चालू और सूर्योदय के बाद बंद हो जाती हैं।
बिजली गई तो भी रोशनी का इंतजाम
सोलर हाईमास्ट में पर्याप्त बैटरी बैकअप की व्यवस्था होने से मौसम खराब होने या बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी रात के समय रोशनी उपलब्ध रहने की बात प्रशासन की ओर से कही गई है। सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से पारंपरिक बिजली की खपत कम होने के साथ स्थानीय निकायों पर अतिरिक्त बिजली बिल का भार भी नहीं पड़ता। इससे ऊर्जा संरक्षण के साथ स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है।
बाजार से रास्तों तक बदली तस्वीर
ग्रामीणों के अनुसार गांव के प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त रोशनी होने से महिलाओं, बुजुर्गों, राहगीरों और वाहन चालकों को रात में आने-जाने में पहले की अपेक्षा अधिक सुविधा मिल रही है। शाम के बाद बाजार, हाट और स्थानीय दुकानों से जुड़े जरूरी काम भी आसानी से हो पा रहे हैं।
बरसात के दिनों में अंधेरे रास्तों पर जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय रहता है। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी होने से ग्रामीणों को आवागमन के दौरान सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
गांव के निवासी श्री महावीर पटेल ने सोलर हाईमास्ट से मिल रही सुविधा को लेकर बताया कि पहले रात के समय चौक और आसपास के रास्तों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी होती थी। अब सोलर हाईमास्ट लगने के बाद गांव का प्रमुख क्षेत्र रोशन रहता है और रात में आवागमन पहले की तुलना में सुविधाजनक महसूस होता है।
ग्रामीणों ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन और क्रेडा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।
दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में सौर ऊर्जा आधारित यह पहल बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ ऊर्जा संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रयास के रूप में सामने आई है। डीएमएफ की राशि से स्थापित सोलर हाईमास्ट अब ग्रामीण क्षेत्रों में रात के अंधेरे को दूर करने के साथ जनसुविधा का नया माध्यम बन रहे हैं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































