गणेश उत्सव में डीजे पर पुलिस का शिकंजा! 18 मामले दर्ज, 14 वाहन और 84 डीजे बॉक्स जब्त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने वालों पर कार्रवाई; मिक्सर, एम्पलीफायर समेत 32 अन्य उपकरण भी जब्त
कोरबा ACGN:- गणेश उत्सव के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने लगातार कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में की गई कार्रवाई में कोलाहल अधिनियम के तहत 18 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने 14 डीजे वाहनों को डीजे सिस्टम सहित जब्त किया। इसके अलावा 84 डीजे बॉक्स और मिक्सर मशीन, एम्पलीफायर सहित 32 अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, डीजे संचालकों द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। जांच के दौरान कोलाहल अधिनियम के साथ-साथ न्यायालयों तथा राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा ध्वनि और सार्वजनिक व्यवस्था से संबंधित जारी दिशा-निर्देशों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर कार्रवाई की गई।

नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, समितियों को सहयोग
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव के दौरान नियमों का पालन करने वाली समितियों के प्रति पुलिस का सहयोगात्मक रवैया रहा। कार्रवाई केवल उन व्यक्तियों और डीजे संचालकों के खिलाफ की गई, जिन्हें पुलिस के अनुसार निर्धारित ध्वनि सीमा तथा लागू नियमों एवं दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते पाया गया।
पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य उत्सव के दौरान ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के साथ-साथ शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना बताया गया है।

पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोक कलाकारों को मिला मंच
गणेश उत्सव के दौरान अधिकांश समितियों द्वारा पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोक नृत्यों को प्राथमिकता दिए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। उत्सव में ढोल, ताशा, नगाड़ा और मांदर जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों का उपयोग किया गया। वहीं राउत नाचा, कर्मा सहित अन्य लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां भी हुईं।

इससे स्थानीय लोक कलाकारों को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिला और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति को भी मंच मिला। गणेश उत्सव समितियों द्वारा बैंड पार्टियों को अवसर दिए जाने से उनसे जुड़े कलाकारों को भी प्रोत्साहन मिलने की बात कही गई है।

पुलिस के अनुसार, इस पहल से स्थानीय कलाकारों और बैंड पार्टियों में उत्साह रहा तथा गणेश उत्सव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने सभी गणेश उत्सव समितियों और डीजे संचालकों से निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने तथा शासन, न्यायालय और एनजीटी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
पुलिस ने कहा कि उत्सव की खुशी के साथ नियमों का पालन भी जरूरी है। परंपरा, संस्कृति और स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा देते हुए शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से धार्मिक आयोजन किए जाएं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































