113 फरियादें लेकर पहुंचे लोग, अब किसे मिलेगी राहत? कलेक्टर ने अधिकारियों को दिया समय-सीमा का आदेश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
इलाज, आवास, राशन, बिजली, सड़क, पेंशन से लेकर राजस्व मामलों तक पहुंचे आवेदन, कलेक्टर ने संवेदनशीलता के साथ निराकरण के दिए निर्देश
कोरबा ACGN:- किसी के सामने इलाज का खर्च बड़ी परेशानी है, किसी को आवास की राशि का इंतजार है, तो कोई राजस्व रिकॉर्ड की गलती सुधरवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगा रहा है। किसी की पेंशन अटकी है तो किसी के सामने रोजगार और आजीविका का संकट है। ऐसी ही अलग-अलग समस्याएं लेकर जिले के दूरस्थ वनांचल और पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक के नागरिक सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सीधे सुनीं।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन के दौरान कलेक्टर ने नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी शिकायतों और जरूरतों की जानकारी ली। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 113 आवेदन प्राप्त हुए। बड़ी संख्या में लोग इस उम्मीद के साथ पहुंचे कि उनकी समस्या शासन-प्रशासन तक पहुंचे और उसका कोई रास्ता निकले।
जनदर्शन में स्वास्थ्य एवं इलाज के लिए सहायता, शासकीय भूमि पर हुए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी की लंबित राशि के भुगतान, राहत राशि, बिजली बिल में सुधार, नए राशन कार्ड, सड़क मरम्मत, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, दिव्यांग एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लंबित वेतन-मानदेय के भुगतान जैसे मामले सामने आए।
इसके साथ ही राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार एवं रिकॉर्ड दुरुस्ती, लंबित मुआवजा प्रकरणों की जांच तथा लोगों को आजीविका के साधनों से जोड़ने से संबंधित आवेदन भी नागरिकों ने प्रस्तुत किए।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनदर्शन में आने वाले नागरिकों की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई हो और जो लोग शासन की योजनाओं के लिए पात्र हैं, उन्हें समय पर उसका लाभ दिलाते हुए आवश्यक राहत पहुंचाई जाए।
जनदर्शन की असली तस्वीर केवल 113 आवेदनों के आंकड़े में नहीं, बल्कि उन लोगों की उम्मीद में दिखाई देती है जो अपनी समस्या लेकर जिला प्रशासन के सामने पहुंचे। अब इन आवेदनों के निराकरण की जिम्मेदारी संबंधित विभागों पर है। जनदर्शन में मिले निर्देशों के बाद नागरिकों को उम्मीद है कि उनकी शिकायतें केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि निर्धारित समय में कार्रवाई के रूप में उसका परिणाम भी सामने आएगा।
जनदर्शन के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री देवेन्द्र पटेल, अपर कलेक्टर श्री ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































