साइकिल हाथ में आते ही खिल उठे बेटियों के चेहरे, स्कूल की राह हुई आसान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
एमसीबी, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
विधायक रेणुका सिंह ने कक्षा 9वीं की छात्राओं को वितरित की निःशुल्क साइकिल, पढ़ाई के साथ आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
एमसीबी ACGN:- नगर पंचायत खोंगापानी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को उस समय छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई, जब कक्षा 9वीं की छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में भरतपुर-सोनहत विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने छात्राओं को साइकिल प्रदान की। साइकिल मिलते ही छात्राओं में उत्साह नजर आया और छात्राओं व अभिभावकों ने इसे विद्यालय आने-जाने की सुविधा के साथ बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली पहल बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की मजबूत नींव है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की शिक्षा की राह को आसान बनाना है, ताकि आर्थिक या भौगोलिक परिस्थितियां उनकी पढ़ाई में बाधा न बनें। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और रोजाना आवागमन में लगने वाले समय की बचत होगी। बचा हुआ समय छात्राएं पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में लगा सकेंगी।
विधायक ने शिक्षकों से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा उनकी पढ़ाई में लगातार सहयोग और प्रोत्साहन देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज की बेटियां आने वाले समय में समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इसलिए प्रत्येक बेटी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने और अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलना जरूरी है।

साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी। इससे यात्रा में लगने वाला समय बचेगा और पढ़ाई के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा। अभिभावकों ने भी इस पहल को बेटियों की शिक्षा के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि साइकिल से छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय पहुंचने में मदद मिलेगी और उनकी पढ़ाई को प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष ललिता यादव, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र विश्वकर्मा, विनोद गुप्ता, प्रदीप वर्मा, भाजपा नेता सरजू यादव, हसदेव मंडल अध्यक्ष बबीता सिंह, मंडल महामंत्री भगवान दास, जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावकगण सहित नगर के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
















































