एक महीने का अभियान, बड़ा दावा—जमीन पर कितना बदलेगा शहर?
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अरुण साव रायपुर
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगरीय निकायों को दिए दिशा-निर्देश, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जनभागीदारी और जनसेवा को व्यापक स्वरूप देने की तैयारी
रायपुर ACGN:- उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने मंगलवार को प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन से आयोजित बैठक में उन्होंने अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों, विभागीय समन्वय, जनभागीदारी और प्रचार-प्रसार को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाना प्रस्तावित है।

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा और सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमीत अग्रवाल अहमदाबाद से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सभी नगरीय निकायों को अभियान को केवल विभागीय कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनसेवा के प्रति आभार की भावना के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाई जाए और विकसित भारत-2047 के संकल्प से लोगों को जोड़ा जाए। उन्होंने अभियान में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

जनभागीदारी को बताया विकास की ताकत
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश के विकास और जनकल्याण के लिए विगत 25 वर्षों से लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके अनुसार भारत की वैश्विक भूमिका मजबूत हुई है और विभिन्न देशों के साथ भारत के संबंधों में भी मजबूती आई है। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है और ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम बनना चाहिए।

फोटो-वीडियो से दर्ज होगा अभियान का असर
बैठक में श्री साव ने अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों के प्रभावी दस्तावेजीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक गतिविधि और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों की व्यवस्थित रिकॉर्डिंग की जाए। आयोजनों की फोटो और वीडियो तैयार कर उनकी रील बनाई जाए तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा किया जाए, ताकि अभियान की गतिविधियों और उनके प्रभाव की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए वास्तविक बदलावों को भी सामने लाना जरूरी है। इसके लिए लाभार्थियों की वास्तविक कहानियों, उपलब्धियों और अनुभवों को रिकॉर्ड कर डिजिटल माध्यमों से प्रसारित करने पर ध्यान दिया जाए।
कई गतिविधियों के जरिए अभियान को विस्तार देने की तैयारी
बैठक में अभियान के तहत प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा की कहानी’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा – मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ जैसी गतिविधियां शामिल हैं। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ – पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ प्रस्तावित है।

श्री साव ने विशेष रूप से ‘सेवा की कहानी’ के तहत वास्तविक लाभार्थियों की प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को सामने लाने से दूसरे लोग भी प्रेरित होंगे।
इसी तरह ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और योजनाओं की जानकारी तथा सुविधाओं को एक स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी काम करने को कहा गया।
स्वच्छता अभियान में जनता को जोड़ने पर जोर
बैठक में ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ से जुड़ी गतिविधियों को भी जनभागीदारी के साथ संचालित करने पर जोर दिया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए। इसके लिए नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों की अगुवाई में नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को सक्रिय रूप से जोड़ा जाए।
उन्होंने अधिकारियों को ऐसे स्थानों और क्षेत्रों की पहचान करने के निर्देश दिए, जहां विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर स्पष्ट और प्रभावी परिणाम सामने लाए जा सकें। अभियान के दौरान किए गए कार्यों की पहले और बाद की स्थिति को भी दर्ज करने को कहा गया, ताकि स्वच्छता अभियान से हुए वास्तविक बदलाव को देखा और लोगों के सामने रखा जा सके।
निगरानी और समन्वय पर रहेगी नजर
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा की भावना, जनभागीदारी और विकास के संकल्प को वास्तविक जमीनी बदलाव से जोड़ने वाला अभियान बनना चाहिए।
बैठक के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक श्री नीलेशकुमार क्षीरसागर और अपर संचालक श्री पुलक भट्टाचार्य भी उप मुख्यमंत्री के साथ सर्किट हाउस में उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
















































