डिजिटल लत पर राज्यपाल की चेतावनी, 504 विद्यार्थियों को मिली उपाधि
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
आईसीएफएआई विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में 19 विद्यार्थियों को गोल्ड और 16 को सिल्वर मेडल, राज्यपाल ने तकनीक के संतुलित इस्तेमाल की दी सीख
रायपुर ACGN:- आईसीएफएआई विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में राज्यपाल श्री रमेन डेका ने विद्यार्थियों को तकनीक के बढ़ते प्रभाव और उसके दुष्परिणामों को लेकर सावधान किया। समारोह में वर्ष 2025 एवं 2026 शैक्षणिक सत्र के विद्यार्थियों को विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान 19 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और 16 विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल प्रदान किए गए, जबकि स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के कुल 504 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।

डिजिटल एडिक्शन को लेकर गंभीर चेतावनी
मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि आज का विद्यार्थी इंटरनेट युग में शिक्षा प्राप्त कर रहा है, जबकि उनके समय में शिक्षा चाक, पेंसिल, पुस्तकों और गुरुओं के माध्यम से प्राप्त होती थी। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वर्तमान समय में आवश्यक तकनीक बन चुकी है, लेकिन इसका इस्तेमाल मानव समाज के हित में आवश्यक सीमा तक ही किया जाना चाहिए।
राज्यपाल ने डिजिटल एडिक्शन को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि आज डिजिटल लत किसी भी अन्य लत से अधिक खतरनाक हो गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीक का सदुपयोग करने और इसके दुष्प्रभावों से स्वयं को बचाने की अपील की।

विकास के साथ पर्यावरण की चिंता जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि न्यूक्लियर एनर्जी, क्लाइमेट चेंज और माइक्रोप्लास्टिक जैसी चुनौतियां आज पूरी दुनिया के सामने हैं। 21वीं सदी में केवल विकास की गति बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विकास के दूसरे पहलुओं और उसके प्रभावों पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने सतत विकास को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कर्म पर ध्यान, दूसरों की सोच की चिंता नहीं
विद्यार्थियों को भगवद्गीता के कर्मयोग का संदेश देते हुए राज्यपाल ने कहा कि कर्म ही जीवन है। विद्यार्थियों को इस बात की चिंता किए बिना कि दूसरे उनके बारे में क्या सोचते हैं, अपने कर्म, पढ़ाई और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जो ज्ञान अर्जित करते हैं, उसे कोई उनसे छीन नहीं सकता। अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर सही रास्ते पर आगे बढ़ना ही सफलता की मजबूत आधारशिला है।

जीवन का रोडमैप बनाकर आगे बढ़ने की सीख
राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थियों ने ज्ञान और डिग्री इसलिए हासिल की है ताकि उसका उपयोग मानव समाज के हित में किया जा सके। विज्ञान, तकनीक और इनोवेशन का वास्तविक उद्देश्य मानव जीवन को बेहतर बनाना होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लौह अयस्क सहित प्राकृतिक संसाधनों की प्रचुरता है और राज्य देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अब छत्तीसगढ़ को एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी गंभीर प्रयास करने की आवश्यकता है।
राज्यपाल ने विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में समाज के प्रत्येक वर्ग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन का रोडमैप तैयार करने और योजनाबद्ध तरीके से सफलता की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान की अपील
श्री डेका ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना भी सफलता के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमता और ज्ञान का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।
समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के सदस्य एवं डिफेंस साइंटिस्ट डॉ. वी. सतीश रेड्डी तथा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रोफेसर आर.पी. कौशिक ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. शिव दयाल पांडे ने स्वागत भाषण दिया और विश्वविद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की शासी परिषद एवं कार्य परिषद के सदस्य, अधिष्ठाता, प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं और उनके पालक उपस्थित रहे। दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए उपलब्धि और नए दायित्व की शुरुआत का अवसर बना, जहां उन्हें शिक्षा के साथ तकनीक, अनुशासन, स्वास्थ्य और राष्ट्रहित के बीच संतुलन बनाने का संदेश दिया गया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































