नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , त्योहार से पहले रायपुर में पुलिस का शिकंजा, अचानक हुई सघन चेकिंग से मचा हड़कंप – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

त्योहार से पहले रायपुर में पुलिस का शिकंजा, अचानक हुई सघन चेकिंग से मचा हड़कंप

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

रायपुर, छत्तीसगढ़

By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर

तीनों जोन में एक साथ चला अभियान, संदिग्धों से पूछताछ और कुछ के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

रायपुर ACGN:- आगामी त्योहारों और भीड़-भाड़ के मौसम को देखते हुए राजधानी रायपुर में चोरी, उठाईगिरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने पुलिस ने अपना निगरानी तंत्र और सख्त कर दिया है। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ओर से 11 सितंबर को संदिग्ध व्यक्तियों और संदिग्ध वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के तीनों जोन के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ सघन और आकस्मिक चेकिंग की।


पुलिस के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे संदिग्ध लोगों की पहचान करना है, जो दूसरे राज्यों या शहरों से रायपुर पहुंचकर ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के माध्यम से अलग-अलग इलाकों में घूमते हैं और चोरी या उठाईगिरी जैसी घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं। चिन्हित स्थानों पर सादे कपड़ों के साथ-साथ वर्दीधारी पुलिस जवानों को तैनात किया गया और संदिग्ध गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी गई।
अभियान के दौरान ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा और अन्य संदिग्ध वाहनों की जांच की गई। इनमें सवार लोगों के साथ आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे व्यक्तियों से भी पूछताछ की गई। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान, उनकी गतिविधियों और आवश्यक पृष्ठभूमि संबंधी जानकारी जुटाने की प्रक्रिया भी अपनाई।
सेंट्रल जोन में गंज थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन, फाफाडीह चौक और तेलघानी नाका जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष चेकिंग की गई। गोलबाजार थाना क्षेत्र के शास्त्री चौक और जयस्तंभ चौक, देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के कपड़ा मार्केट तथा कोतवाली थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी चौक सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर भी पुलिस की टीमें सक्रिय रहीं।


इस दौरान गोलबाजार पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रहे मुकेश नायक उर्फ मुक्कु, पिता स्वर्गीय लोचन नायक, उम्र 20 वर्ष, निवासी घड़ी चौक, लोहार पारा, थाना गोलबाजार, रायपुर को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से धारदार हथियार रखने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
वेस्ट जोन में भी पुलिस की निगरानी व्यापक स्तर पर रही। टिकरापारा थाना क्षेत्र के पचपेड़ी नाका और बस स्टैंड, आजाद चौक थाना क्षेत्र के आमापारा तिराहा, सरस्वती नगर थाना क्षेत्र, डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के राजपुर चौक और आमानाका थाना क्षेत्र के टाटीबंध सहित अन्य स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर जांच और पूछताछ की गई।


नॉर्थ जोन में खमतराई बाजार और भनपुरी, गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में स्टेशन के पीछे तथा पंडरी थाना क्षेत्र के दलदल सिवनी सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर भी आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध रूप से घूम रहे कुछ लोगों को संबंधित थानों में लाकर उनके संबंध में विस्तृत पूछताछ की। उनकी गतिविधियों और पूर्ववृत्तों से जुड़ी जानकारी जुटाने के बाद परिस्थितियों और आचरण के आधार पर कुछ व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।


त्योहारों के दौरान बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ बढ़ने के साथ चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में पुलिस का यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित न रहकर संदिग्ध गतिविधियों की पहले से पहचान करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान अचानक और आकस्मिक रूप से जारी रहेंगे।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की है। किसी महिला, पुरुष या अन्य व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल डायल 112, पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को सूचना देने कहा गया है। पुलिस का मानना है कि समय पर मिलने वाली सूचना चोरी, उठाईगिरी और अन्य अपराधों की रोकथाम में अहम भूमिका निभा सकती है।
आगामी त्योहारों और भीड़-भाड़ के मौसम में पुलिस की यह सख्ती कितनी प्रभावी रहती है, यह आने वाले दिनों में सामने आएगा। फिलहाल तीनों जोन में एक साथ हुई इस आकस्मिक कार्रवाई ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच पुलिस की सक्रियता का स्पष्ट संदेश जरूर पहुंचाया है।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें।                 7647981711, 9303948009।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now