कोरबा पुलिस की पहल :महिलाओं की सुरक्षा को पिंक पेट्रोलिंग
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
त्योहारी सीजन में संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम करेगी नियमित पेट्रोलिंग
कोरबा ACGN:- आगामी त्यौहारों को देखते हुए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस ने विशेष पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से ‘पिंक पेट्रोलिंग’ की शुरुआत की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों को महिला सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


पिंक पेट्रोलिंग का दायरा केवल शहर के बाजारों और सार्वजनिक स्थानों तक सीमित नहीं रहेगा। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा की दृष्टि से चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों और पिकनिक स्पॉट्स पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। ऐसे स्थान जहां महिलाओं और बालिकाओं की आवाजाही अधिक रहती है, वहां महिला पुलिसकर्मियों की टीम नियमित रूप से भ्रमण करेगी।

महिला पुलिसकर्मियों की टीम रहेगी सक्रिय
पिंक पेट्रोलिंग में महिला थाना सहित विभिन्न थानों और पुलिस इकाइयों में पदस्थ महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। ये टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी। किसी महिला या बालिका को किसी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर टीम तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी।

शुरुआत के दिन पिंक पेट्रोलिंग टीम ने शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। आगामी त्यौहारों के दौरान भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए बाजारों, पिकनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग जारी रखी जाएगी।

पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं और बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, पीछा करने या किसी अन्य प्रकार की असामाजिक गतिविधि की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य त्योहारी माहौल में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखना है।


अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
पिंक पेट्रोलिंग के शुभारंभ के दौरान एडिशनल एसपी श्री नितीश ठाकुर, सीएसपी श्री प्रतीक चतुर्वेदी, डीएसपी यातायात श्रीमती ज्योत्सना चौधरी, प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक सुश्री आस्था शर्मा और रक्षित निरीक्षक श्री अनथ राम पैकरा मौजूद रहे।
महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक श्रीमती रश्मि थॉमस और सुश्री सौम्या सरस्वती कौशिक के नेतृत्व में पिंक पेट्रोलिंग टीम को सक्रिय किया गया है। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से संवेदनशील मामलों में महिलाओं को अपनी समस्या पुलिस तक पहुंचाने में भी सहजता मिलने की उम्मीद है।
कोरबा पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, छेड़छाड़ या परेशानी महसूस होने पर बिना झिझक तत्काल पुलिस से संपर्क करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि ऐसी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस का संदेश है—सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































