शहरों के विकास को रफ्तार, योजनाओं की कलेक्टर ने कसी नकेल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
पीएम आवास से स्वच्छता और निर्माण कार्यों तक समीक्षा, समय-सीमा में काम पूरा करने के सख्त निर्देश
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- प्रदीप मिश्रा
कोरबा, 27 अगस्त 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने नगरीय निकाय विभाग की मासिक समीक्षा बैठक लेकर शहरों में संचालित योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए सभी स्वीकृत, प्रगतिरत और लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए, ताकि विकास कार्यों का लाभ नागरिकों को समय पर मिल सके।

पीएम आवास के अधूरे कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत नगर निगम कोरबा सहित सभी नगरीय निकायों में आवास निर्माण की प्रगति को गंभीरता से बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अप्रारंभ आवासों का निर्माण तत्काल शुरू कराने तथा निर्माणाधीन आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने कहा। इसके साथ ही अमृत मिशन 2.0 के तहत स्वीकृत कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
स्वच्छता व्यवस्था और कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर
स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सूखे और गीले कचरे का पृथक्करण तथा उसके बेहतर प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने कहा। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के साथ ही सभी नगरीय निकायों में स्थापित एसएलआरएम सेंटर का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कर वसूली में तेजी लाने अधिकारियों को निर्देश
बैठक में नगरीय निकायों की राजस्व कर वसूली की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को कर वसूली की गति बढ़ाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण की नियमित निगरानी की जाए और जहां अपेक्षित प्रगति नहीं है, वहां विशेष प्रयास किए जाएं।
निर्माण कार्यों में तेजी, गुणवत्ता से समझौता नहीं
अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा के दौरान वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत, प्रगतिरत, अपूर्ण और अप्रारंभ कार्यों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराने, प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाने तथा पूर्णता के करीब पहुंच चुके कार्यों को शीघ्र पूरा कराने कहा। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने 15वें वित्त आयोग एवं डीएमएफ के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को भी समय-सीमा में पूरा कराने तथा उनकी प्रगति तेज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नगरीय निकायों में निर्माणाधीन स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और शौचालयों के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने कहा।
मुख्यमंत्री घोषणा और विधायक मद के कार्यों में भी तेजी
बैठक में सांसद मद, प्रभारी मंत्री मद, विधायक मद एवं विभिन्न प्राधिकरणों के अंतर्गत स्वीकृत और प्रगतिरत कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री घोषणा से संबंधित कार्यों के लिए आवश्यक स्वीकृतियां जल्द प्राप्त करने तथा प्रगतिरत कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर भी जोर दिया गया।
नगरोत्थान योजना और ई-बस सेवा को मिलेगी गति
कलेक्टर ने नगरोत्थान योजना के अंतर्गत नालंदा परिसर विकास सहित अन्य स्वीकृत कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के संचालन के लिए रूट निर्धारण संबंधी कार्य की स्वीकृति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने कहा गया।
सड़कों से आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं
कलेक्टर ने गो-धाम योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर व्यवस्थित करने कहा, ताकि मवेशियों के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
जनसमस्याओं के निराकरण में देरी बर्दाश्त नहीं
बैठक में पेंशन से संबंधित प्रकरणों और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी जोन कमिश्नरों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और प्रत्येक आवेदन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं एवं स्वीकृत विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और मैदानी स्तर पर उनकी वास्तविक प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं और निर्माण कार्यों का अंतिम उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए कार्यों में गति, गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, अपर आयुक्त श्री विनय मिश्रा, सभी जोन कमिश्नर, नगरीय निकायों के सीएमओ, विभागीय उप अभियंता सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें:
📞 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































