हेमाबंद में पशु क्रूरता पर प्रशासन की सख्ती, पिता-पुत्र गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बेमेतरा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
126 पशुओं को गौशालाओं में पहुंचाया गया, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया; पंचायत सचिव निलंबित
बेमेतरा ACGN:- बेमेतरा जिले की दाढ़ी तहसील अंतर्गत ग्राम हेमाबंद में आवारा एवं घुमंतू पशुओं को कथित रूप से अनाधिकृत तरीके से बंधक बनाकर रखने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल पशु चिकित्सक को मौके पर भेजकर जांच कराई। प्रथमदृष्टया शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी दिलीप राय के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे और उसके पुत्र संजय राय को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार हेमाबंद निवासी दिलीप राय, उम्र 55 वर्ष और संजय राय, उम्र 35 वर्ष के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, 299, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क), 11(1)(ज) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
शासकीय भूमि से हटाया गया अतिक्रमण – प्रशासन ने कार्रवाई को केवल एफआईआर और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखा। आरोपी द्वारा कब्जा की गई शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई 25 अगस्त को पूरी कर ली गई है। वहीं, आरोपी द्वारा उपयोग किए गए जब्त ट्रैक्टर के संबंध में राजसात की कार्रवाई भी पुलिस द्वारा प्रारंभ कर दी गई है।
126 पशुओं को गौशालाओं में पहुंचाया गया – मौके पर मिले 126 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद सभी पशुओं को वहां से हटाकर जिले की अन्य गौशालाओं में सुरक्षित रूप से व्यवस्थापित किया गया है। पशुओं के स्वास्थ्य और उपचार की निगरानी के लिए संबंधित गौशालाओं में विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मृत पशुओं की मौत की भी होगी जांच – जांच के दौरान गांव की सरहद में कुछ मृत पशु भी पाए गए हैं। इन पशुओं की मौत किन परिस्थितियों और किन कारणों से हुई, इसका पता लगाने के लिए तीन पशु चिकित्सकों की टीम गठित की गई है। टीम द्वारा आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और जांच की जा रही है।
पंचायत सचिव निलंबित – मामले में पंचायत स्तर पर कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही को भी प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। ग्राम पंचायत हेमाबंद के सचिव श्री प्रकाश कोशले को अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पशुओं के प्रति क्रूरता, शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे अथवा अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। हेमाबंद मामले में भी संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पशुओं की सुरक्षा तथा उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































