छात्र ही लोकतंत्र के भविष्य की ताकत : ज्ञानेश कुमार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
लखनऊ में ELC 2.0 और ECINet पर क्षेत्रीय सम्मेलन, युवाओं में चुनावी साक्षरता बढ़ाने पर जोर
रायपुर ACGN:- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लखनऊ में “इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC 2.0) और ECINet” विषय पर दूसरे क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के माध्यम से युवाओं एवं पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों में चुनावी साक्षरता और लोकतांत्रिक जागरूकता को मजबूत करना रहा।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से पहुंचे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने छात्रों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रियाओं की जानकारी और समझ लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को चुनाव प्रक्रिया से जोड़ना और उनमें जागरूकता पैदा करना लोकतंत्र के भविष्य में किया गया महत्वपूर्ण निवेश है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि भारत में चुनाव संविधान, कानून और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के सभी चरणों में राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों अथवा उनके प्रतिनिधियों की सहभागिता और निगरानी सुनिश्चित की जाती है।
उन्होंने विद्यार्थियों और युवा मतदाताओं को भारत की चुनाव प्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता पंजीकरण, मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया तथा भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका और कार्यप्रणाली से परिचित कराने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
“लोकतंत्र सीखें, लोकतंत्र का नेतृत्व करें”
ELC 2.0 को “लोकतंत्र सीखें। लोकतंत्र का नेतृत्व करें।” यानी “Learn Democracy. Lead Democracy.” की टैगलाइन के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को केवल लोकतंत्र की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सार्थक भागीदारी के लिए प्रेरित करना भी है।
ELC 2.0 के तहत स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और डिजिटल रूप से सक्षम मंच के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके माध्यम से वर्षभर चुनावी साक्षरता से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिनका प्रभाव विद्यार्थियों के साथ उनके परिवारों, शिक्षण संस्थानों और समुदायों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
ECINet से जुड़ेगी चुनावी जानकारी
ELC 2.0 के लिए व्यापक डिजिटल प्लेटफॉर्म ECINet का उपयोग किया जाएगा। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से मतदाता सूची से लेकर मतदान तक चुनाव से संबंधित विभिन्न सेवाओं और जानकारियों को एक स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
ECINet पर समर्पित ELC पोर्टल के माध्यम से देशभर के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों का एक सुव्यवस्थित नेटवर्क तैयार करने की योजना है। इसके जरिए विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना सहित चुनावी प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
देश के विशाल शैक्षणिक नेटवर्क से जुड़ेगा अभियान
ELC 2.0 की पहुंच देश के विशाल शैक्षणिक तंत्र तक बनाने की योजना है। देश में लगभग 15 लाख स्कूलों में करीब 25 करोड़ विद्यार्थी और एक करोड़ से अधिक शिक्षक हैं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लगभग 1,500 विश्वविद्यालय और करीब 70 हजार शैक्षणिक संस्थान हैं, जिनमें लगभग 4.33 करोड़ विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
भारत के इतने व्यापक शैक्षणिक नेटवर्क के माध्यम से चुनावी साक्षरता को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को तथ्यात्मक और अनुभवात्मक चुनावी शिक्षा उपलब्ध कराना तथा भारत की चुनाव प्रणाली की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
युवाओं को लोकतांत्रिक भागीदारी का राजदूत बनाने का लक्ष्य
भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य ELC 2.0 के माध्यम से युवाओं को जागरूक लोकतांत्रिक भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना सहित चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी देने के साथ ECINet ऐप और निर्वाचन आयोग की अन्य प्रमुख पहलों से भी परिचित कराएंगे।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने कहा कि युवा नागरिकों का चुनावी प्रक्रिया में विश्वास और उनकी जागरूक भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यदि युवा चुनावी प्रक्रिया को समझेंगे, अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों से परिचित होंगे और जागरूक होकर भाग लेंगे, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
अपने पूर्व शिक्षण संस्थान पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त
सम्मेलन से पहले मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने अपने पूर्व शिक्षण संस्थान कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज का दौरा किया और वहां शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ शिक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विषयों पर बातचीत की।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त की उत्तर प्रदेश यात्रा के दूसरे दिन वे प्रदेश के बूथ लेवल अधिकारियों यानी BLOs के साथ भी संवाद करेंगे। चुनावी प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और मतदाताओं तक चुनाव संबंधी सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने में BLOs की महत्वपूर्ण भूमिका है।
ELC 2.0 के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग का प्रयास है कि युवा पीढ़ी चुनावी प्रक्रिया को केवल मतदान के दिन तक सीमित न समझे, बल्कि लोकतंत्र की पूरी प्रक्रिया, अपने मतदाता अधिकारों और नागरिक जिम्मेदारियों को समझते हुए देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय एवं जागरूक भागीदार बने।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































