जर्जर सड़कों से बेहाल कोरबा, कांग्रेस ने कलेक्टर से मांगी तत्काल कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़;
By ACGN – 7647981711, 9303948009
बलगी से बरबसपुर तक बदहाल सड़कें, पुलों की सुरक्षा जांच और बालको की वित्तीय सहभागिता की मांग
कोरबा ACGN:- कोरबा शहर और आसपास की जर्जर सड़कों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर खराब सड़कों के तत्काल पुनर्निर्माण, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच और औद्योगिक परिवहन से प्रभावित मार्गों के सुधार में बालको प्रबंधन की वित्तीय सहभागिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
कांग्रेस ने कहा कि कोरबा प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक नगर और ऊर्जा राजधानी के रूप में जाना जाता है, लेकिन शहर की कई प्रमुख सड़कें इन दिनों गड्ढों, कीचड़ और जलभराव से जूझ रही हैं। बारिश के दौरान इन मार्गों पर आवागमन काफी जोखिमपूर्ण हो गया है। इससे आम नागरिकों के साथ स्कूली बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

पहली बारिश में ही टूट गई सड़क – ज्ञापन में आर.पी. नगर में एसईसीएल की परित्यक्त रेलवे लाइन के पास हाल ही में बनाई गई सीसी सड़क के पहली ही बारिश में कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस ने इसकी स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने की मांग की है। वहीं सुभाष चौक–आर.पी. नगर मार्ग पर नाली निर्माण के बाद सड़क किनारे डाली गई मिट्टी का समतलीकरण नहीं होने से कीचड़ और फिसलन की समस्या भी सामने आ रही है।
कांग्रेस ने चेक पोस्ट–लालघाट–रिंग रोड, रिंग रोड–गायत्री मंदिर–बालको नगर बस स्टैंड, ध्यानचंद चौक–बजरंग चौक–रिसदा–झगरहा चौक, अगारखार चौक–बलगी, पुष्पलता कॉलोनी–लाटा–एनटीपीसी मुख्य मार्ग, साडा कॉलोनी, राताखार मुख्य मार्ग, घंटाघर चौक से हेलीपैड मार्ग और सीतामणी–गौ माता चौक–बरबसपुर मार्ग की स्थिति सुधारने की मांग की है।
बलगी मार्ग बना तालाब, बरबसपुर सड़क भी बदहाल
ज्ञापन के अनुसार लगातार बारिश के चलते अगारखार चौक से बलगी तक करीब पांच किलोमीटर का मार्ग कई जगहों पर तालाब में तब्दील हो गया है। साडा कॉलोनी की खराब सड़कों के कारण वरिष्ठ नागरिकों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। वहीं सीतामणी–गौ माता चौक से बरबसपुर मार्ग की हालत इतनी खराब है कि चारपहिया वाहनों से आवागमन भी जोखिमपूर्ण हो गया है।
पुलों की सुरक्षा पर भी उठाए सवाल – कांग्रेस ने बेलगिरी नाला और ढेंगुरनाला पुल की जर्जर स्थिति को लेकर भी चिंता जताई है। दोनों पुलों का तकनीकी और संरचनात्मक ऑडिट कराने की मांग की गई है। कांग्रेस का कहना है कि इन मार्गों से लगातार भारी औद्योगिक वाहनों की आवाजाही होती है, इसलिए पुलों की सुरक्षा की नियमित जांच जरूरी है।
मुकेश कुमार राठौर ने कहा कि ध्यानचंद चौक–बजरंग चौक–रिसदा–ढेंगुरनाला पुल मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहन चलते हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के प्रयासों के बाद बजरंग चौक से रिसदा ढेंगुरनाला पुल तक फोरलेन सड़क निर्माण के लिए बालको प्रबंधन द्वारा 30 करोड़ रुपये जिला प्रशासन के पास जमा किए गए हैं।
उन्होंने मांग की कि औद्योगिक परिवहन से प्रभावित अन्य सड़कों के पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण में भी बालको प्रबंधन की वित्तीय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी – जिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि नगर निगम और संबंधित विभागों ने सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो जिला कांग्रेस एवं स्थानीय नागरिकों के साथ जनहित में शांतिपूर्ण प्रदर्शन, धरना और निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस ने कहा कि ऐसी स्थिति के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
प्रदीप मिश्रा – (संपादक)निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़। अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































