शराब के नशे में खूनी खेल! बाजार में तीन लोगों पर ब्लेड से हमला
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
साप्ताहिक बाजार में विवाद के बाद आरोपी ने एक के बाद एक तीन लोगों के गले पर किया वार; पुलिस ने ब्लेड बरामद कर आरोपी को जेल भेजा
रायगढ़ ACGN:- पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह में साप्ताहिक बाजार के दौरान शराब के नशे में एक व्यक्ति ने जमकर हंगामा करते हुए तीन लोगों पर धारदार ब्लेड से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ब्लेड बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गाली-गलौज का विरोध किया तो गले पर चला ब्लेड
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को सोमा सिंकू ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह अपने साथी बुधराम मुंडा के साथ तुमीडीह से सामान लेकर बांके बिहारी कंपनी लेबर कॉलोनी लौट रहा था। शाम करीब 7:30 बजे इंदिरा भवन के पास एक व्यक्ति शराब के नशे में राहगीरों से गाली-गलौज कर रहा था।
सोमा और उसके साथी ने जब उसे गाली देने से मना किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए जेब से धारदार ब्लेडनुमा वस्तु निकाली और दोनों के गले के पास वार कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए और उनके शरीर से खून निकलने लगा।
भागकर बचने की कोशिश, तीसरा व्यक्ति भी बना निशाना
हमले के बाद सोमा और बुधराम जान बचाकर इंदिरा भवन की ओर भागे और वहां मौजूद बुधन सिंह टियू को घटना की जानकारी दी। इसी दौरान आरोपी ने बुधन सिंह के गले के पास भी ब्लेड से हमला कर उसे घायल कर दिया।
आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पूछताछ में खुला विवाद का कारण
पुलिस पूछताछ में आरोपी सुभाष पन्ना ने बताया कि उसकी मां का रायगढ़ में उपचार चल रहा था और उनकी मृत्यु के बाद वह क्रियाकर्म के लिए अपने गृह ग्राम जा रहा था। तुमीडीह में पुराने परिचितों से मिलने और रोजगार के सिलसिले में वह रुका था। इसी दौरान शराब के नशे में उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया और उसने जेब में रखे ब्लेड से तीन लोगों पर हमला कर दिया।
ब्लेड बरामद, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ब्लेड बरामद किया है। आरोपी की पहचान सुभाष पन्ना पिता आनंदी पन्ना, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम रेडे, थाना बागबहार, जिला जशपुर, वर्तमान निवासी लाटा-बलंगी रोड, थाना दर्री, जिला कोरबा के रूप में हुई है।
थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 213/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) और 109(1) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों और हिंसक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़। अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































