प्रोजेक्ट गरिमा के तहत रायपुर जिले के 262 विद्यालयों में बनेंगे आधुनिक बालिका शौचालय, 16.90 करोड़ रुपये स्वीकृत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN | 7647 981 711, 9303948009
संवाददाता : अनादि पांडेय
ग्रामीण विद्यालयों में बालिकाओं को मिलेगा सुरक्षित, स्वच्छ और दिव्यांग अनुकूल वातावरण, सौर ऊर्जा सहित आधुनिक सुविधाओं से होंगे सुसज्जित शौचालय
रायपुर। ग्रामीण क्षेत्रों की स्कूली बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में रायपुर जिले में प्रोजेक्ट गरिमा के तहत महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिन विद्यालयों में बालिका शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं है, वहां 262 विद्यालयों में मॉडल बालिका शौचालय निर्माण के लिए कुल 16 करोड़ 90 लाख 82 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह कार्य वीबी जीरामजी, गौण खनिज एवं जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के सहयोग से कराया जाएगा।

जिला प्रशासन के अनुसार बालिका शौचालयों के निर्माण के लिए 5 लाख रुपये और 7 लाख रुपये लागत वाले दो अलग-अलग मॉडल तैयार किए गए हैं। इन आधुनिक शौचालयों में सौर ऊर्जा आधारित विद्युत व्यवस्था, कन्सील्ड फ्लश सिस्टम, उच्च गुणवत्ता के सेनेटरी उपकरण, पर्याप्त जलापूर्ति के लिए प्रेशर बूस्टर तथा दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके।

स्वीकृत राशि में वीबी जीरामजी योजना के तहत 1308.82 लाख रुपये, गौण खनिज मद से 30 लाख रुपये तथा डीएमएफ मद से 352 लाख रुपये शामिल हैं। इन निर्माण कार्यों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कार्यपालन अभियंता, ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा (आरईएस) द्वारा मॉडल प्राक्कलन तैयार किया गया है। साथ ही सभी विकासखंडों के सरपंचों, सचिवों, रोजगार सहायकों तथा जनपद पंचायत के तकनीकी अमले को निर्माण मानकों का प्रशिक्षण भी दिया गया है। प्रत्येक विकासखंड में तकनीकी अमले की उपस्थिति में लेआउट तैयार कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जा रहा है।
प्रशासन का मानना है कि इस पहल से ग्रामीण विद्यालयों में बालिकाओं की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा, स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा तथा छात्राओं की नियमित उपस्थिति और शिक्षा के अनुकूल वातावरण को भी मजबूती मिलेगी।
प्रदीप मिश्रा
संपादक – अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































