प्रेमिका की हत्या का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, चरित्र पर संदेह बना वारदात की वजह
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
चार साल के प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत, संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को दबोचा।
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, चार वर्षों से प्रेम संबंध में रहे युवक ने युवती के चरित्र पर संदेह के चलते उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने की नीयत से उसका सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 अगस्त 2026 को डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक युवती का शव मिलने की सूचना पर खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर युवती के गले पर चोट और दबाव के निशान मिले, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हुआ। इसके बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतका की पहचान 19 वर्षीय नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि पहले युवती के मुंह में उसका दुपट्टा ठूंसा गया, फिर उसी दुपट्टे से गला कसकर दबाया गया और मौत सुनिश्चित करने के लिए उसका सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया गया। इसके आधार पर थाना खमतराई में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच तेज की। मृतका के परिजनों और परिचितों से पूछताछ के दौरान उसके प्रेमी करण तांडी पर संदेह व्यक्त किया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी लगातार गुमराह करता रहा, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी नंदिनी से पहचान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों कुछ समय तक साथ भी रहे, लेकिन बाद में युवती अलग रहने लगी। इसी दौरान आरोपी उसके चरित्र पर संदेह करने लगा था और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त की शाम आरोपी युवती को डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पास से अपने साथ घटनास्थल पर ले गया। वहां दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोपी ने आवेश में आकर पहले दुपट्टा युवती के मुंह में ठूंसा, फिर उसी से उसका गला कस दिया और हत्या सुनिश्चित करने के लिए उसका सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


