चोरी का हर सामान बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार; पूछताछ में बुलेट चोरी का भी खुलासा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
भूपदेवपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी गए चांदी के जेवर और POCO मोबाइल की शत-प्रतिशत बरामदगी; आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
रायगढ़ ACGN:- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना भूपदेवपुर पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए चांदी के पायल, बिछिया एवं POCO कंपनी का स्मार्ट मोबाइल शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 को ग्राम डोंगाढकेल निवासी घनश्याम साहू ने थाना भूपदेवपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3-4 अगस्त की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। सुबह करीब साढ़े चार बजे पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उसका पर्स, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और स्कूल बैग घर के बाहर आंगन में पड़े हैं। कुछ देर बाद गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि उसने गांव के ही सनत कुमार उर्फ नानू साहू को उक्त सामान फेंकते हुए देखा था। घर की जांच करने पर आलमारी से लगभग 20 हजार रुपये कीमत के चांदी के पायल, एक हजार रुपये कीमत की चांदी की बिछिया तथा लगभग नौ हजार रुपये कीमत का POCO मोबाइल गायब मिला। शिकायत पर थाना भूपदेवपुर में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस की लगातार निगरानी, मुखबिर की सूचना और प्रभावी घेराबंदी के चलते गांव लौटते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने देर रात घर के मुख्य द्वार से प्रवेश कर आलमारी में रखे चांदी के जेवर और मोबाइल चोरी किए तथा पीछे के दरवाजे से फरार हो गया।

आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गए चांदी के एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया तथा POCO मोबाइल सहित लगभग 30 हजार रुपये मूल्य का पूरा चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने 4-5 जुलाई 2026 की रात जिला सक्ती के थाना चंद्रपुर क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर के सामने से बुलेट क्लासिक-350 मोटरसाइकिल भी चोरी की थी, जिसे उसने ग्राम बरक्षगुड़ा के पास मांड नदी किनारे झाड़ियों में छिपा दिया था। पुलिस के अनुसार उक्त मोटरसाइकिल को थाना चंद्रपुर पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सनत कुमार उर्फ नानू साहू (29 वर्ष), निवासी ग्राम डोंगाढकेल, थाना भूपदेवपुर के रूप में हुई है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक, प्रधान आरक्षक संजय भूषण तिर्की, आरक्षक हरिशंकर नायक, प्रदीप तिवारी एवं संतोष जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई और चोरी गए माल की शीघ्र बरामदगी रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। अपराधियों की लगातार निगरानी की जा रही है और कानून से बचने का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
प्रदीप मिश्रा (मुख्य संपादक)
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


