सड़क सुरक्षा पर कलेक्टर और एसपी सख्त, ब्लैक स्पॉट सुधार और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- ACGN ब्यूरो
दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्राथमिकता से सुधार कार्य, राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई।
कोरबा ACGN :- जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा करते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा संबंधी सुधार कार्यों में तेजी लाने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल एवं श्री ओंकार यादव, जिला परिवहन अधिकारी श्री अतुल कुमार असैय्या, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको तथा विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने पूर्व में दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना के अनुसार कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त रोड शोल्डर की मरम्मत, रेडियमयुक्त चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप, क्रैश बैरियर तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विशेष रूप से कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के तीव्र मोड़ों एवं दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा संबंधी सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने को कहा। वहीं बालको ऐश डेक रोड एवं रिस्दी ब्रिज से बजरंग चौक मार्ग के मरम्मत कार्य के दौरान यातायात संचालन के लिए वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने हेतु समिति गठित करने तथा यातायात विभाग के समन्वय से शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
रिस्दा ब्रिज की मरम्मत में देरी पर नाराजगी
बैठक के दौरान कलेक्टर ने निर्धारित समय सीमा में रिस्दा ब्रिज की मरम्मत का प्रस्ताव प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लोक निर्माण विभाग (सेतु) के एसडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिलासपुर-अंबिकापुर तथा कोरबा-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ढाबों, होटलों एवं अन्य स्थानों पर अवैध पार्किंग हटाने तथा निर्धारित स्थलों पर भारी वाहनों की पार्किंग संबंधी संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को परिवहन एवं यातायात विभाग के समन्वय से प्रत्येक सप्ताह स्कूलों एवं महाविद्यालयों में हेलमेट रैली, निबंध प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, नुक्कड़ नाटक तथा अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित हो सके।
नाबालिग वाहन चालकों पर चलेगा विशेष अभियान
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने बैठक में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी स्कूल एवं कॉलेज प्राचार्यों की बैठक लेकर यह सुनिश्चित करने को कहा कि नाबालिग छात्र-छात्राएं दोपहिया वाहन लेकर विद्यालय न आएं।
एसपी ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ओवरस्पीड, बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट, नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है और सभी के सहयोग से ही दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


