BRICS 2026 में रायपुर के शासकीय विद्यालय ने लहराया परचम, छात्राओं को कलेक्टर ने किया सम्मानित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
छत्तीसगढ़ से चयनित एकमात्र विद्यालय पी.जी. उमाठे उत्कृष्ट शासकीय विद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर “Building Sponge City Together” परियोजना का किया सफल प्रदर्शन।
रायपुर ACGN :- रायपुर जिले के लिए गौरव का विषय है कि पी.जी. उमाठे उत्कृष्ट शासकीय विद्यालय, शांति नगर का चयन प्रतिष्ठित BRICS 2026 School Geospatial Project Showcase के लिए किया गया। छत्तीसगढ़ से चयनित यह एकमात्र विद्यालय रहा, जिसने अपनी नवाचार आधारित जियोस्पेशियल परियोजना का अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलतापूर्वक प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने समय-सीमा की बैठक के पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेड क्रॉस सभा कक्ष में विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती रीता मंडल, छात्रा वार्तिका पाटिल एवं छात्रा उमेश्वरी साहू को शाल एवं प्रेरणादायी पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि यह पूरे रायपुर जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों की छात्राएं विज्ञान, नवाचार और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नई मिसाल कायम कर रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

उल्लेखनीय है कि यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन 22 जुलाई 2026 को भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर), तिरुपति में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के समक्ष विद्यार्थियों द्वारा तैयार जियोस्पेशियल परियोजनाओं का प्रदर्शन किया गया, जिसकी विशेषज्ञों एवं उपस्थित लोगों ने सराहना की।
विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती रीता मंडल के मार्गदर्शन में छात्रा वार्तिका पाटिल (कक्षा 8) एवं उमेश्वरी साहू (कक्षा 7) ने “Building Sponge City Together” विषय पर अपनी परियोजना प्रस्तुत की। इस परियोजना में विद्यार्थियों ने भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS), सैटेलाइट इमेजरी, मोबाइल मैपिंग सहित आधुनिक जियोस्पेशियल तकनीकों का उपयोग करते हुए सतत विकास लक्ष्य (SDG-6) – सभी के लिए स्वच्छ जल एवं स्वच्छता विषय पर अभिनव कार्य प्रस्तुत किया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) तथा भारती विद्यापीठ इंस्टीट्यूट ऑफ एनवायरनमेंट एजुकेशन एंड रिसर्च (BVIEER), पुणे के सहयोग से आयोजित किया गया था।
सम्मान समारोह के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन, अपर जिला दंडाधिकारी श्री उमाशंकर बंदे, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


