नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , डिजिटल पुलिसिंग को मिलेगी नई मजबूती, नशे के कारोबार पर रहेगा जीरो टॉलरेंस : एएसपी डॉ. यूलैंडन यार्क – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

डिजिटल पुलिसिंग को मिलेगी नई मजबूती, नशे के कारोबार पर रहेगा जीरो टॉलरेंस : एएसपी डॉ. यूलैंडन यार्क

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़

By ACGN | 7647981711, 9303948009
संवाददाता : अरविन्द तिवारी

नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने संभाला पदभार, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग और नशा मुक्ति को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

जांजगीर-चांपा जिले के नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क (एमबीबीएस) ने मंगलवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर निवर्तमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। हाल ही में छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग द्वारा जारी तबादला आदेश के तहत डॉ. यूलैंडन यार्क का स्थानांतरण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीजापुर से जांजगीर-चांपा किया गया है।
राज्य पुलिस सेवा के वर्ष 2014 बैच के अधिकारी डॉ. यूलैंडन यार्क ने उप पुलिस अधीक्षक के रूप में लंबे समय तक बस्तर संभाग में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्ष 2024 में उन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया, जिसके बाद उन्होंने बीजापुर में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। जांजगीर-चांपा उनकी दूसरी जिला पदस्थापना है।
पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए डॉ. यूलैंडन यार्क ने स्पष्ट किया कि बदलते समय के साथ अपराधों का स्वरूप भी बदल रहा है। इसलिए जिले में डिजिटल पुलिसिंग को सशक्त बनाना, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, ऑनलाइन ठगी की रोकथाम तथा डिजिटल साक्ष्यों का त्वरित विश्लेषण उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अपराधियों तक शीघ्र पहुंच बनाना पुलिस की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जिले में सूखे नशे, ड्रग्स तथा अन्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और भंडारण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। अंतर्राज्यीय एवं अंतरजिला नेटवर्क पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में योजनाबद्ध अभियान चलाकर अवैध नशे के कारोबार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी डॉ. यार्क ने बताया कि केवल कानूनी कार्रवाई से ही नशे पर पूरी तरह नियंत्रण संभव नहीं है। इसके लिए नशा मुक्ति केंद्रों, विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, पत्रकारों और आम नागरिकों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, अवैध हथियारों की बरामदगी, गुंडागर्दी तथा संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रात्रिकालीन गश्त को और मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही सीसीटीवी निगरानी, अपराध प्रभावित क्षेत्रों की हॉटस्पॉट मैपिंग तथा सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देकर अपराधों की रोकथाम की जाएगी।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर उत्पीड़न तथा महिला अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित एफआईआर दर्ज कर शीघ्र कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही बाल अपराधों की रोकथाम के लिए भी विशेष अभियान संचालित किए जाएंगे।
डॉ. यूलैंडन यार्क ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, धार्मिक या जातीय वैमनस्य पैदा करने अथवा सामाजिक वातावरण बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान शांति समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी “आमजन में विश्वास एवं अपराधियों में भय” के मूलमंत्र के साथ कार्य करेगा। जनता की प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी नकेल कसने तथा वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे।
एमबीबीएस की शैक्षणिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए डॉ. यूलैंडन यार्क ने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े और उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
अंत में उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की मित्र है और इसी भावना के साथ कार्य करेगी। आमजन, सामाजिक संगठनों, मीडिया तथा प्रशासन के सहयोग से जांजगीर-चांपा को सुरक्षित, नशामुक्त, सौहार्दपूर्ण और आदर्श जिला बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

प्रदीप मिश्रा
संपादक – अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल ‘अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़’  हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now