पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने युवाओं को दिलाया नशामुक्त भारत का संकल्प, विकसित भारत निर्माण में भागीदारी का किया आह्वान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सरगुजा (अंबिकापुर), छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए देशव्यापी अभियान के तहत अंबिकापुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, युवाओं ने नशामुक्त जीवन का लिया संकल्प।

सरगुजा ACGN :- भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत रविवार को सरगुजा जिले के अंबिकापुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया, जिसके बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रारंभ किया गया यह अभियान केवल नशामुक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का एक व्यापक जनआंदोलन है।

उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और यदि युवा नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार होगा।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ उसे प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए। मानसिक दबाव से दूर रहकर अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने से सफलता अवश्य मिलती है।

कलेक्टर अजीत बसंत ने कहा कि “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” देशव्यापी जनजागरण का महत्वपूर्ण अभियान है, जिसमें युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वयं नशे के दुष्प्रभावों को समझते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का दायित्व निभाना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरगुजा जिले के युवा इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, नगर निगम महापौर मंजूषा भगत तथा नगर निगम उपसभापति हरमंदिर सिंह टिन्नी ने भी युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए नशामुक्त जीवनशैली अपनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम के अंत में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, समाज में जागरूकता फैलाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, जिला युवा अधिकारी प्रिंस सिंह, एसडीएम बनसिंह नेताम, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक रामकुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


