आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ का जिला अधिवेशन संपन्न, नई कार्यकारिणी का गठन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
पाली में आयोजित त्रिवार्षिक अधिवेशन में संगठन की मजबूती, लंबित मांगों और आगामी रणनीति पर हुई व्यापक चर्चा, वर्ष 2026-2029 के लिए नई जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन
कोरबा ACGN :- कोरबा जिले के पाली स्थित गोंडवाना भवन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ, जिला कोरबा का त्रिवार्षिक अधिवेशन उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता के साथ संपन्न हुआ। अधिवेशन में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान तथा भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय मजदूर संघ के प्रार्थना गीत एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने श्रमिक एकता, संगठन की मजबूती तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की शक्ति ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी ताकत है और सभी को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए कार्य करना होगा।

अधिवेशन में मानदेय वृद्धि, सेवा सुरक्षा, नियमितीकरण, पेंशन, ग्रेच्युटी, पोषण ट्रैकर व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं, कार्य के बढ़ते दायित्व तथा अन्य लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि वर्षों से लंबित मांगों के समाधान के लिए सरकार को सकारात्मक पहल करनी चाहिए। यदि मांगों पर समयबद्ध निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए बाध्य होगा।
अधिवेशन के दौरान वर्ष 2026 से 2029 की अवधि के लिए नई जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।

नई कार्यकारिणी में उषा ताजन को अध्यक्ष, प्रतिमा सिंह को महामंत्री, ज्योति तिवारी को कोषाध्यक्ष, मधु जयसवाल को कार्यकारी अध्यक्ष, लक्ष्मी माणिकपुरी एवं मीना श्रीवास को उपाध्यक्ष, गोमती देवांगन को संगठन मंत्री, पुष्पा केंवर, सोनमतिया भारद्वाज, सविता राज एवं मालती उइके को मंत्री, शशिकला को मीडिया प्रभारी तथा नेहा सिंह को कार्यसमिति सदस्य का दायित्व सौंपा गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे आगामी तीन वर्षों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा संगठन के विस्तार के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। अधिवेशन के समापन अवसर पर सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उपस्थित सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने और एकजुट होकर कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


