कुलगाम आतंकी हमले के मृत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता देगी राज्य सरकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711 | 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
मुख्यमंत्री ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा, पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है छत्तीसगढ़ सरकार, समन्वय के लिए नोडल अधिकारी होगा नियुक्त।
रायपुर, ACGN :- दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रवासी श्रमिकों पर किए गए कायराना हमले में सक्ती जिले के निवासी दीपक रात्रे तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी भूपेंद्र भैना के निधन पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस जघन्य आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के विरुद्ध अपराध है और ऐसे कायराना कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस दुखद घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी, ताकि संकट की इस घड़ी में परिवारों को आवश्यक संबल मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ तत्काल समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए राज्य सरकार की ओर से नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने दिवंगत श्रमिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी पुण्य आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने घायल श्रमिक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट है और ऐसे कायराना हमले भारत की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को कभी कमजोर नहीं कर सकते। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी और उनके साथ हर परिस्थिति में खड़ी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
प्रधान संपादक
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ (ACGN)
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


