महानदी जल विवाद पर केंद्र की अहम पहल, तीन माह में रिपोर्ट सौंपेगी समिति
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
भुवनेश्वर
By ACGN 7647981711 9303948009
संवाददाता : स्वामी बिजयानंद जी महाराज (ओडिशा ब्यूरो)
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों ने सौहार्दपूर्ण समाधान पर जताई सहमति
भुवनेश्वर, ACGN। ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद के समाधान की दिशा में गुरुवार को नई दिल्ली में महत्वपूर्ण पहल हुई। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, दोनों राज्यों के मुख्य सचिव, केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के सचिव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि महानदी के जल पर ओडिशा के अधिकार, राज्य के किसानों के हित, पेयजल सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विवाद का न्यायसंगत समाधान निकाला जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पक्षों के सहयोग और सकारात्मक संवाद से राज्य के हितों की रक्षा करते हुए विवाद का स्थायी समाधान संभव है।
बैठक में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने आपसी सहयोग, समन्वय और रचनात्मक संवाद के माध्यम से विवाद को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने की प्रतिबद्धता दोहराई। केंद्र सरकार ने भी दोनों राज्यों के बीच सहमति आधारित समाधान को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के अध्यक्ष की अध्यक्षता में गठित समिति अगले तीन माह के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण (ट्रिब्यूनल) को सौंपेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
बैठक को महानदी जल विवाद के समाधान की दिशा में एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। दोनों राज्यों ने भविष्य में भी संवाद और सहयोग के माध्यम से विवाद का स्थायी समाधान निकालने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्रदीप मिश्रा
प्रधान संपादक
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ (ACGN)
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


