नाबालिग वाहन चालकों पर ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई, 16 अभिभावकों पर भी हुआ एक्शन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
स्कूलों और प्रमुख मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर बिना लाइसेंस वाहन चला रहे नाबालिगों को रोका, अभिभावकों को दी गई कड़ी चेतावनी।
रायगढ़ ACGN :- रायगढ़ यातायात पुलिस ने शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाते हुए बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चला रहे 16 नाबालिगों के विरुद्ध कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान स्कूलों के आसपास, प्रमुख चौक-चौराहों तथा व्यस्त मार्गों पर सघन जांच की गई। जांच के दौरान दोपहिया वाहन चलाते मिले 16 नाबालिगों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान सभी नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को मौके पर बुलाया गया और मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों को स्पष्ट रूप से बताया कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना कानूनन दंडनीय अपराध है। इसके लिए आर्थिक दंड के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है। अभिभावकों को भविष्य में किसी भी परिस्थिति में अपने नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं सौंपने की सख्त चेतावनी दी गई।

यातायात पुलिस ने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल है। ऐसे मामलों में न केवल वाहन चला रहे बच्चे की जान जोखिम में रहती है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है और आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रायगढ़ पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें और सुरक्षित, अनुशासित तथा जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिगों के हाथों में वाहन देना केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि उनके जीवन और अन्य लोगों की सुरक्षा को भी गंभीर खतरे में डालना है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को वाहन चलाने से रोकने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


