मारपीट में गंभीर रूप से घायल मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
मटियाडाड़ गांव की घटना में उपचार के दौरान युवक ने तोड़ा दम, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को भेजा जेल।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ACGN :- पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी कोटमी के ग्राम मटियाडाड़ में मारपीट की एक घटना में गंभीर रूप से घायल मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पेंड्रा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की बहन बृहस्पतिया बाई ने थाना पेंड्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई रामकुमार चौधरी मानसिक रूप से अस्वस्थ था, लेकिन वह गांव के लोगों को पहचानता था। 29 जुलाई 2026 की सुबह करीब छह बजे गांव के राजकमल उर्फ गोपी चौधरी और परमेश्वर प्रसाद चौधरी उसके घर पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। उस समय बृहस्पतिया बाई ने दोनों को समझाकर शांत कराया और खेत चली गई।
रिपोर्ट के अनुसार जब वह खेत से वापस लौटी तो देखा कि दोनों आरोपी रामकुमार चौधरी के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और पत्थर से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में रामकुमार के सिर, चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल गौरेला ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में थाना पेंड्रा एवं चौकी कोटमी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। घायल की मृत्यु होने के बाद प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) सहित अन्य प्रासंगिक धाराएं जोड़कर विवेचना आगे बढ़ाई गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर भी जब्त कर लिया है।
इस मामले में थाना पेंड्रा में अपराध क्रमांक 246/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पेंड्रारोड न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी ने कहा कि जिले में अपराध एवं कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
आरोपियों के नाम :
राजकमल उर्फ गोपी चौधरी, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम मटियाडाड़।
परमेश्वर प्रसाद चौधरी, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम मटियाडाड़।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


