31 जुलाई से पहले कराएं फसल बीमा, कलेक्टर ने दिए लक्ष्य बढ़ाने के निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN : 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा बैठक में अऋणी किसानों की सहभागिता 10 प्रतिशत बढ़ाने और व्यापक प्रचार-प्रसार पर दिया गया जोर।
रायपुर ACGN:-प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) खरीफ 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय पर्यवेक्षण समिति की बैठक सोमवार को रायपुर स्थित रेडक्रॉस भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने की।

बैठक में उप संचालक कृषि ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन, निगरानी व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सभी बैंकों को निर्देश दिए कि गत वर्ष की तुलना में ऋणी एवं अऋणी दोनों श्रेणी के किसानों की भागीदारी कम से कम 10 प्रतिशत बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

उप संचालक कृषि ने बताया कि अऋणी किसानों की सहभागिता बढ़ाने के लिए ग्राम कृषि विस्तार अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई 2026 की अंतिम तिथि से पहले अधिक से अधिक किसानों का फसल बीमा कराया जाए।

बैठक में बताया गया कि क्रियान्वयन एजेंसी एचडीएफसी एर्गो जनरल इंश्योरेंस द्वारा फसल बीमा माह के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर कृषक संगोष्ठियों, विकासखंड स्तर पर फसल बीमा पाठशालाओं तथा समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिससे किसानों को योजना की जानकारी मिल सके।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बीमा योजना के लाभों की सही जानकारी देकर असहमति दर्ज कराने वाले किसानों की संख्या कम की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में उप संचालक कृषि एवं सदस्य सचिव, उप संचालक उद्यानिकी, बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी (एनआईसी), एचडीएफसी एर्गो जनरल इंश्योरेंस के जिला प्रबंधक तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल “अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़”।
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
संपर्क: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


