रायपुर में सूखे नशे पर पुलिस का बड़ा प्रहार, बिना पर्ची नशीली दवा बेचने वाले 4 मेडिकल स्टोर सील
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN : 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
36 से अधिक मेडिकल स्टोरों की जांच, प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री पर औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम के तहत कार्रवाई।
रायपुर ACGN: प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर पुलिस कमिश्नरेट एवं औषधि एवं प्रसाधन विभाग ने शहर में बढ़ते सूखे नशे (ड्राई ड्रग्स) के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान के तहत बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के प्रतिबंधित एवं नशीली दवाइयों की बिक्री करने वाले चार मेडिकल स्टोरों को सील कर उनके संचालकों के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस को लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि शहर के कुछ मेडिकल स्टोरों से डॉक्टर की पर्ची के बिना प्रतिबंधित दवाइयों का विक्रय किया जा रहा है, जिनका दुरुपयोग विशेष रूप से युवा नशे के रूप में कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने ऐसे मेडिकल स्टोरों को चिन्हित कर सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त (अपराध एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट, संबंधित थाना पुलिस, औषधि निरीक्षक एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने रायपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 36 से अधिक मेडिकल स्टोरों की टेस्ट परचेजिंग के माध्यम से जांच की।

जांच के दौरान डीडी नगर स्थित मां दुर्गा मेडिकोज, गुढियारी स्थित आयुष मेडिकल, भनपुरी स्थित विश्वास मेडिकल तथा उरकुरा स्थित उदय मेडिकल स्टोर में बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रेगाबालिन कैप्सूल एवं रेक्सकॉफ डीएक्स सिरप जैसी प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री करते पाए जाने पर औषधि एवं प्रसाधन विभाग ने संबंधित प्रकरण दर्ज करते हुए चारों मेडिकल स्टोरों को सील कर दिया।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील की है कि प्रतिबंधित एवं डॉक्टर की पर्ची पर मिलने वाली दवाइयों का विक्रय केवल वैध प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर ही करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर बिना पर्ची के नशीली एवं प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल “अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़”।
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
संपर्क: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


