75वें स्थापना दिवस पर भक्ति में डूबा श्री रघुनाथ मंदिर, नौ दिवसीय महोत्सव का हुआ भव्य समापन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गंजाम, ओड़िशा
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनिल कुमार चौधरी
नौ दिनों तक चला नाम यज्ञ, भागवत श्रवण, वृक्षारोपण और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया महाप्रसाद
गंजाम ACGN:- ओड़िशा के गंजाम जिले के बरहमपुर स्थित पानीग्रही पेंठ साही आनंद नगर रोड पर अवस्थित श्री श्री श्री रघुनाथ मंदिर का 75वां स्थापना दिवस पूरे धार्मिक उत्साह, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक महोत्सव में प्रतिदिन पूजा-अर्चना, यज्ञ, भागवत कथा, नाम संकीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री रघुनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
बताया जाता है कि इस मंदिर की स्थापना लगभग 75 वर्ष पूर्व श्रीगुंडिचा यात्रा के पावन अवसर पर हुई थी। तभी से यहां प्रतिदिन सनातन परंपराओं और वैदिक विधि-विधान के अनुसार भगवान की नियमित पूजा-अर्चना की जाती है। बरहमपुर के शंकरपुर साही निवासी मोहंती परिवार द्वारा संचालित इस मंदिर में वर्षभर विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व पूरे उल्लास के साथ आयोजित किए जाते हैं।

स्थापना दिवस महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को हुआ। पहले दिन सैकड़ों महिलाओं ने नीलम पोडिया मोहंती बांध से कलश यात्रा निकाली और भव्य शोभायात्रा के साथ मंदिर परिसर पहुंचीं। वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। अंतिम दिन तक चले इस आयोजन में मुख्य पुजारी अशोक कुमार रथ सहित अन्य ब्राह्मण आचार्यों ने वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं यज्ञ संपन्न कराया।
नौ दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन नाम यज्ञ, अन्न यज्ञ, भागवत श्रवण, संकीर्तन और विशेष पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान तालाब के समीप धार्मिक अनुष्ठान आयोजित कर उसके जीर्ण-शीर्ण तट के संरक्षण एवं मरम्मत की मंगलकामना की गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अनेक औषधीय एवं उपयोगी वृक्षों का रोपण भी किया गया।
इस संपूर्ण आयोजन का संचालन मोहंती परिवार ने अपने निजी संसाधनों और सहयोग से किया। आयोजन को सफल बनाने में संतोष कुमार मोहंती, द्वारिका प्रसाद मोहंती, समीर कुमार मोहंती तथा उनकी धर्मपत्नी संगीता मोहंती, गीता मोहंती और अंजना मोहंती सहित परिवार के सभी सदस्यों, रिश्तेदारों एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। नगर भ्रमण के बाद भगवान की प्रतिमाओं को पुनः मंदिर में विधिवत विराजमान कराया गया। समापन समारोह में स्वशक्ति जागरण सेवा ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष पूज्य गुरुदेव श्रीकृष्ण भैयाजी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके सान्निध्य में हजारों श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में महानगर निगम के कई पार्षद, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। सभी ने मोहंती परिवार द्वारा पिछले 75 वर्षों से धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और समाज में आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। श्रद्धा, सेवा, संस्कृति और सामाजिक समरसता का यह महोत्सव क्षेत्रवासियों के लिए आस्था और एकजुटता का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


