स्मार्ट मीटर से नहीं बढ़ रही बिजली खपत, तीन शहरों के सर्वे में सामने आए तथ्य; जुलाई में दर्ज हुई उल्लेखनीय कमी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के तीन माह के तुलनात्मक अध्ययन में जुलाई माह में बिजली खपत में 28 से 53 प्रतिशत तक कमी दर्ज, बिजली वितरण कंपनी ने अफवाहों से बचने की अपील की।
रायपुर ACGN:- स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेश में चल रही विभिन्न आशंकाओं और अफवाहों के बीच छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) ने एक विस्तृत अध्ययन जारी करते हुए दावा किया है कि स्मार्ट मीटर स्वयं बिजली की खपत नहीं बढ़ाते। कंपनी द्वारा रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग शहर के स्मार्ट मीटर लगे घरेलू उपभोक्ताओं की मई, जून और जुलाई 2026 की बिजली खपत का तुलनात्मक विश्लेषण किया गया, जिसमें अधिकांश उपभोक्ताओं की जुलाई माह की बिजली खपत में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।
कंपनी के अनुसार रायपुर शहर क्षेत्र के 3 लाख 11 हजार 374 घरेलू स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के अध्ययन में 1 जून से 26 जून 2026 के बीच कुल बिजली खपत लगभग 10.85 करोड़ यूनिट दर्ज की गई थी, जबकि 1 जुलाई से 26 जुलाई 2026 के दौरान यह घटकर लगभग 7.77 करोड़ यूनिट रह गई। इस प्रकार जुलाई माह में लगभग 28 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। वहीं 400 यूनिट से अधिक बिजली उपयोग करने वाले 1 लाख 21 हजार 135 उपभोक्ताओं के विश्लेषण में बिजली खपत में लगभग 44 प्रतिशत की कमी सामने आई।
बिलासपुर सिटी सर्किल में 400 यूनिट से अधिक मासिक खपत वाले 9,717 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं का अध्ययन भी इसी निष्कर्ष की ओर संकेत करता है। यहां मई माह में औसत खपत 524 यूनिट, जून में 596 यूनिट और जुलाई में घटकर 312 यूनिट दर्ज की गई। इस प्रकार जुलाई माह में औसत खपत में लगभग 43 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई।
इसी प्रकार दुर्ग शहर में चयनित 240 ऐसे उपभोक्ताओं, जिनकी मासिक बिजली खपत 400 यूनिट से अधिक थी, के अध्ययन में भी जुलाई माह के दौरान उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मई में जहां कुल खपत 1 लाख 75 हजार 451 यूनिट और जून में 1 लाख 65 हजार 411 यूनिट रही, वहीं जुलाई में यह घटकर 76 हजार 257 यूनिट रह गई। यानी जुलाई माह में लगभग 53 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
बिजली वितरण कंपनी का कहना है कि अध्ययन से यह स्पष्ट होता है कि बिजली की खपत स्मार्ट मीटर के कारण नहीं बढ़ती, बल्कि इसका सीधा संबंध उपभोक्ताओं द्वारा विद्युत उपकरणों के वास्तविक उपयोग से है। अप्रैल, मई और जून के दौरान अत्यधिक गर्मी तथा एयर कंडीशनर जैसे उपकरणों के अधिक उपयोग के कारण खपत बढ़ी थी, जबकि मौसम में बदलाव के साथ जुलाई में स्वाभाविक रूप से खपत कम हो गई।
कंपनी ने यह भी बताया कि जिन उपभोक्ताओं के यहां अभी स्मार्ट मीटर नहीं लगे हैं, उनकी बिजली खपत में भी अप्रैल, मई और जून के दौरान पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि दर्ज हुई, जबकि जुलाई में उन्हीं सामान्य मीटरों में भी खपत कम हुई। इससे यह स्पष्ट होता है कि अधिक बिजली उपयोग का कारण स्मार्ट मीटर नहीं बल्कि विद्युत उपकरणों का अधिक उपयोग है।
सीएसपीडीसीएल ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के यहां स्वीकृत भार से अधिक बिजली उपयोग लगातार तीन माह तक दर्ज होता था, उनके बिल में सप्लाई अफोर्डिंग शुल्क जुड़ जाता था। अब इस व्यवस्था में संशोधन करते हुए निर्णय लिया गया है कि यह राशि वर्ष में केवल एक बार दिसंबर माह के बिल (जो जनवरी में जारी होगा) में ही जोड़ी जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ‘मोर बिजली ऐप’ के माध्यम से स्मार्ट मीटर उपभोक्ता अपनी प्रतिदिन तथा प्रत्येक आधे घंटे की बिजली खपत की जानकारी देख सकते हैं। सामान्य मीटर वाले उपभोक्ता भी ऐप के माध्यम से अपनी मासिक बिजली खपत की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बिजली वितरण कंपनी ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए अब तक 4,500 चेक मीटर लगाए जा चुके हैं। इन चेक मीटरों में दर्ज बिजली खपत और स्मार्ट मीटर में दर्ज खपत समान पाई गई है, जिससे स्मार्ट मीटर की सटीकता की पुष्टि होती है।
कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे स्मार्ट मीटर के संबंध में किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। यदि किसी उपभोक्ता को बिजली बिल या स्मार्ट मीटर को लेकर कोई शंका है तो वह टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकता है। साथ ही ‘मोर बिजली ऐप’ और स्मार्ट मीटर पोर्टल के माध्यम से अपनी बिजली खपत की नियमित निगरानी भी कर सकता है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने कहा है कि उपभोक्ताओं को पारदर्शी और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है, ताकि स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियों का निराकरण किया जा सके और उपभोक्ताओं का विश्वास बना रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


