रायपुर में पुलिस का मेगा चेकिंग अभियान, 41 स्थानों पर नाकेबंदी; चोरी की बाइक बरामद, बटनदार चाकू के साथ युवक गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर मध्य, उत्तर और पश्चिम जोन में एक साथ चला विशेष अभियान, 5 हजार से अधिक वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की हुई सघन जांच।
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट द्वारा बड़े स्तर पर विशेष नाकेबंदी एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर 27 जुलाई 2026 की रात मध्य, उत्तर और पश्चिम जोन के कुल 41 चिन्हित स्थानों पर एक साथ नाकेबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई। यह अभियान रात 8 बजे से 11:30 बजे तक लगातार संचालित किया गया।

अभियान के दौरान 5,000 से अधिक वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। बिना पंजीयन वाले वाहन, नियम विरुद्ध अथवा फैंसी नंबर प्लेट वाले वाहन, संदिग्ध वाहन और संदिग्ध व्यक्तियों की विशेष रूप से जांच की गई। शहर के प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई ताकि असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

चेकिंग के दौरान कई वाहनों से नियम विरुद्ध लगी ब्लैक फिल्म मौके पर ही हटवाई गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की गई, वहीं बिना नंबर प्लेट और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाले वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान थाना पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों, अड्डेबाजी वाले स्थानों और संदिग्ध इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग भी की। इसी दौरान थाना गोलबाजार क्षेत्र के शास्त्री मार्केट से चोरी हुई हीरो होंडा प्लेजर (क्रमांक CG 04 DK 5384) की सूचना मिलते ही पुलिस ने वायरलेस संदेश के माध्यम से सभी थानों, नाकेबंदी प्वाइंट और पेट्रोलिंग टीमों को वाहन का विवरण तत्काल प्रसारित किया।

नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे एसीसीयू की बीट टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। वाहन की जांच करने पर वह गोलबाजार थाना क्षेत्र से कुछ समय पहले चोरी की गई हीरो होंडा प्लेजर निकली। पुलिस ने आरोपी को चोरी के वाहन सहित गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की है। उससे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

इसी अभियान के दौरान थाना गंज पुलिस ने तेलीघानी नाका चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आर्यन चौहान (20 वर्ष) निवासी कलिंग नगर, गुढ़ियारी को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार यह अभियान अपराधों की रोकथाम, वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण, वांछित एवं संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान तथा नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष नाकेबंदी, सघन चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


