नेहरू पार्क की उस शाम आखिर क्या हुआ…? प्रेम, शक या साजिश! ग्राम लटोरी की राधिका राजवाड़े की दर्दनाक मौत ने खड़े किए कई सवाल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता : सौरभ साहू
सूरजपुर शहर के बीच स्थित नेहरू पार्क में युवती पर चाकू से हमला, अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत। पुलिस ने कुछ घंटों में आरोपी को गिरफ्तार किया, लेकिन महिला सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर बहस तेज।
सूरजपुर ACGN:- सूरजपुर शहर के हृदय स्थल पर स्थित नेहरू पार्क, जो कोतवाली थाना और अजाक थाना से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है, सोमवार शाम अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी से गूंज उठा। जहां रोज लोग टहलने, परिवार के साथ समय बिताने और बच्चे खेलने पहुंचते हैं, वहीं यह पार्क देखते ही देखते एक दर्दनाक वारदात का गवाह बन गया। ग्राम लटोरी की रहने वाली राधिका राजवाड़े पर कथित तौर पर उसके परिचित युवक ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राधिका को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार मृतका राधिका राजवाड़े और आरोपी रितेश राजवाड़े के बीच प्रेम संबंध था। दोनों सोमवार शाम नेहरू पार्क पहुंचे थे। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस का कहना है कि आरोपी को राधिका के किसी अन्य युवक से बातचीत करने का संदेह था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से राधिका के गले पर कई वार कर दिए और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पार्क में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय नागरिकों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल राधिका को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया, लेकिन जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही राधिका आखिरकार हार गई।
घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस हरकत में आई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर पीढ़ा क्षेत्र के यूकेलिप्टस जंगल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है और आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस की तत्परता को दर्शाती है, लेकिन यह घटना कई गंभीर सवाल भी छोड़ गई है। शहर के सबसे प्रमुख सार्वजनिक पार्कों में से एक, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग आते-जाते हैं, वहां दिनदहाड़े इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई? क्या वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था थी? क्या नियमित पुलिस गश्त, प्रकाश व्यवस्था और प्रभावी निगरानी होती तो इस घटना को टाला जा सकता था? इन सवालों के जवाब तलाशना अब प्रशासन की जिम्मेदारी है।
यह घटना इसलिए भी चर्चा का विषय बनी हुई है क्योंकि यह प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विधानसभा क्षेत्र में हुई है। ऐसे में स्थानीय नागरिकों का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर केवल योजनाएं और जागरूकता अभियान ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थलों पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ की आमजन से अपील
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ प्रदेश सहित सूरजपुर जिले के सभी पाठकों से निवेदन करता है कि सूरजपुर जिले में दिनदहाड़े जिस निर्ममता से एक युवती की हत्या हुई है, वह केवल एक हत्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है।
यह घटना हमें और आज की उस युवा पीढ़ी को, जो दिखावे, फैशन और क्षणिक भावनाओं की दुनिया में उलझती जा रही है, साथ ही उनके अभिभावकों को भी एक बड़ा संदेश देती है कि शक, असुरक्षा और क्षणिक आवेश किसी भी रिश्ते का समाधान नहीं हो सकते।
प्रेम का आधार विश्वास, सम्मान और संवाद होता है, जबकि अविश्वास और हिंसा केवल जीवन और परिवारों को बर्बाद करती है। किसी भी विवाद का समाधान संवाद और कानून के दायरे में ही संभव है।
युवाओं से हमारी अपील है कि वे भावनात्मक तनाव, असहमति या रिश्तों में पैदा हुए मतभेद को कभी भी हिंसा का रूप न दें, क्योंकि एक पल का गुस्सा कई जिंदगियों को हमेशा के लिए तबाह कर सकता है।
आज राधिका राजवाड़े इस दुनिया में नहीं हैं। एक परिवार ने अपनी बेटी खो दी और दूसरी ओर एक युवक ने अपने ही हाथों अपना भविष्य अंधकार में धकेल दिया। ऐसी घटनाएं समाज के लिए एक गहरी सीख हैं कि रिश्तों में संयम, संवाद और संवेदनशीलता ही सबसे बड़ी ताकत है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


