कौन रह रहा है आपकी बस्ती में? रायगढ़ पुलिस ने शुरू किया बड़ा सत्यापन अभियान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर जिलेभर में किराएदारों, प्रवासी श्रमिकों और विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की सघन जांच, बिना सत्यापन रोजगार देने वालों पर भी रहेगी कार्रवाई।
रायगढ़ ACGN:- जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर रायगढ़ पुलिस ने रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अवैध अप्रवासियों की पहचान और सत्यापन के लिए विशेष सघन अभियान शुरू किया। जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने किराए के मकानों, श्रमिक बस्तियों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा उन स्थानों पर व्यापक जांच की, जहां बाहरी राज्यों अथवा अन्य देशों के नागरिकों के निवास की संभावना अधिक रहती है।

इस विशेष अभियान के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके मार्गदर्शन में सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थान चिन्हित किए, जहां बड़ी संख्या में किराएदार, प्रवासी श्रमिक और बाहरी राज्यों के लोग रह रहे हैं। अभियान के दौरान पुलिस ने आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, पहचान पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया और संबंधित जानकारियां दर्ज कीं।
इसी के साथ जिले में संचालित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं प्लांटों में कार्यरत विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट, वीजा तथा अन्य वैध दस्तावेजों की भी जांच के निर्देश दिए गए हैं। उद्योग प्रबंधन को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि बिना वैध दस्तावेज और पुलिस सत्यापन के किसी भी विदेशी अथवा बाहरी व्यक्ति को रोजगार न दिया जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रायगढ़ पुलिस ने जिले के सभी मकान मालिकों, उद्योग संचालकों, ठेकेदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किराएदारों तथा कार्यरत कर्मचारियों का समय पर पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। यदि किसी क्षेत्र में कोई विदेशी नागरिक संदिग्ध परिस्थितियों में निवास करता दिखाई दे या उसके दस्तावेजों को लेकर संदेह हो तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम थाना, राज्यव्यापी हेल्पलाइन 1800-233-1905, पुलिस कंट्रोल रूम 94791-93299 अथवा डायल-112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
रायगढ़ पुलिस के अनुसार यह विशेष सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में सुरक्षित, व्यवस्थित और कानूनसम्मत वातावरण बनाए रखते हुए किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में अवैध रूप से निवास करने वाले किसी भी विदेशी नागरिक अथवा संदिग्ध व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में संरक्षण नहीं दिया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई विदेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के निवास करता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


