तेज रफ्तार कार ने तीन वाहनों को मारी टक्कर, महिला चालक के खिलाफ मामला दर्ज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता अनादी पांडेय
आमानाका ओवरब्रिज पर लापरवाही से वाहन चलाने के कारण ई-रिक्शा पलटी, तीन लोग घायल, पुलिस ने कार जब्त कर शुरू की कार्रवाई।
रायपुर ACGN:- रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के थाना सरस्वती नगर क्षेत्र में तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण हुई सड़क दुर्घटना में तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए तथा तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने महिला कार चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर दुर्घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 9:30 बजे प्रार्थी उत्तम सिंह अपनी ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 QH 8355 से टाटीबंध-आमानाका मार्ग से सवारियों को लेकर रायपुर शहर की ओर जा रहे थे। जब वह आमानाका ओवरब्रिज के टर्निंग के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही हुंडई अल्कजार कार क्रमांक CG 04 PX 8883 की महिला चालक ने कथित रूप से तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पहले मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AB 0890 और उसके बाद एक्टिवा क्रमांक CG 07 CF 1905 को टक्कर मार दी।
इसके बाद अनियंत्रित कार सीधे ई-रिक्शा से जा टकराई। जोरदार टक्कर लगने से ई-रिक्शा सड़क पर पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक, एक्टिवा सवार महिला तथा ई-रिक्शा चालक उत्तम सिंह घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सरस्वती नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। चिकित्सकीय परीक्षण में तीनों घायलों को सामान्य चोटें पाई गईं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वे अपने-अपने घर लौट गए। दुर्घटना में तीनों वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 159/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 125(ए) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त हुंडई अल्कजार कार को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है और प्रकरण में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रायपुर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं। तेज रफ्तार और लापरवाही न केवल चालक बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


